खेल और युवा कार्य मंत्रालय का ‘माय भारत युवा सम्मेलन’ शनिवार को यहां आयोजित किया जायेगा जिसमें ओलंपिक पदक विजेता पहलवान अमन सहरावत और राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी फर्राटा धावक गुरिंदरवीर सिंह समेत खेल जगत के कई सितारे भाग लेंगे।
मंत्रालय द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार त्यागराज स्टेडियम में होने वाले इस सम्मेलन में देश के 6000 से अधिक युवा भाग लेंगे। इनमें छात्र, युवा पेशेवर, उद्यमी, कंटेंट क्रिएटर्स शामिल होंगे।
इस दौरान खेल, उद्मिता, प्रशासन और कंटेंट क्रिएशन से जुड़ी उदीयमान प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया जायेगा।
विज्ञप्ति के अनुसार यह सम्मेलन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत @2047’ के दृष्टिकोण के अनुरूप आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रमुख शक्ति के रूप में सशक्त बनाना है।
इस अवसर पर देश के सबसे तेज धावक माने जाने वाले गुरिंदरवीर सिंह, बॉलीवुड अभिनेता विक्रांत मैसी, बोट के सह-संस्थापक एवं मुख्य विपणन अधिकारी अमन गुप्ता, ओलंपिक पदक विजेता अमन सहरावत, तथा यूपीएससी सफल प्रतिभागी और लोकप्रिय कंटेंट क्रिएटर मल्हार कलाम्बे एवं आरजे रौनक युवाओं के साथ अपने अनुभव साझा करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान एमवाई भारत को हाल ही में प्राप्त अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि का भी उत्सव मनाया जाएगा। संगठन को एक सप्ताह में सर्वाधिक लोगों द्वारा ‘ऑनलाइन क्विज’ में भागीदारी के लिए गिनीज विश्व रिकॉर्ड से मान्यता प्राप्त हुई है। यह उपलब्धि विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद (वीबीवाईएलडी) क्विज के माध्यम से हासिल की गई।
इस अभियान में देश के सभी 28 राज्यों और आठ केंद्रशासित प्रदेशों से 50 लाख से अधिक युवाओं ने भाग लिया, जबकि 3,90,812 प्रतिभागियों ने निर्धारित अवधि में ‘क्विज’ सफलतापूर्वक पूर्ण कर विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया।
विज्ञप्ति के अनुसार, यह उपलब्धि ‘विकसित भारत @2047’ की दिशा में युवाओं की अभूतपूर्व भागीदारी को दर्शाती है तथा राष्ट्र निर्माण में युवा शक्ति के प्रति बढ़ते विश्वास को भी रेखांकित करती है।
अधिकारियों ने कहा कि यह सम्मेलन विकसित, समावेशी और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में युवाओं की आकांक्षाओं और क्षमताओं का उत्सव होगा तथा देशभर के युवा परिवर्तनकर्ताओं को एक साझा मंच प्रदान करेगा।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.