मोहम्मद कैफ ने कहा है कि शायद कुलदीप यादव और आकिब नबी को अपने मौके के लिए इंतजार करना पड़े। उन्होंने भारत के प्लेइंग इलेवन को लेकर हिंट दिया है और कहा है कि टीम श्रीलंका में दो तेज गेंदबाजों के साथ उतर सकती है।
कुलदीप यादव नहीं जीत पाए हैं कप्तान-कोच का विश्वास
भारतीय टीम मंगलवार को श्रीलंका पहुंच गई है और खिलाड़ी प्रैक्टिस सेशन में खुद को वहां की परिस्थितियों के हिसाब से ढालने में लगे हैं। मोहम्मद कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ”कुलदीप को लगातार मौके नहीं मिलते हैं। इसलिए यह अभी भी थोड़ा संदेह है कि वह खेलेंगे या नहीं। हम मानकर चल रहे हैं कि वह खेलेंगे, लेकिन उन्होंने अभी भारतीय टीम को अपनी गेंदबाजी से पूरी तरह विश्वास नहीं दिलाया है। चाहे शुभमन गिल हों या गौतम गंभीर, दोनों ही कुलदीप की गेंदबाजी से पूरी तरह संतुष्ट नजर नहीं आते। वह टीम में तो बने रहते हैं, लेकिन उन्हें हमेशा खेलने का मौका नहीं मिलता। इसलिए, मुझे अभी भी थोड़ा संदेह है कि वे उन्हें खिलाएंगे या नहीं।”
आकिब नबी को करना होगा इंतजार
कैफ का मानना है कि भारतीय प्लेइंग इलेवन में आकिब नबी को भी शायद मौका नहीं मिले। उन्होंने कहा, ”नहीं, मुझे नहीं लगता कि उसे (आकिब नबी) पहले मुकाबले में मौका मिलेगा। क्योंकि आप अगर देखें तो कुलदीप यादव और मानव सुथार भी बल्ले से योगदान दे सकते हैं, इसलिए वे नंबर 8 पर आ सकते हैं। नबी को शायद पहला मैच खेलने का अवसर न मिले क्योंकि मोहम्मद सिराज टेस्ट खेलेंगे।” श्रीलंका की विकेट्स हमेशा से स्पिनरों के लिए मददगार रही हैं और इस वजह से कैफ ने भविष्यवाणी की है कि भारत मैच में दो स्पिनर और इतने ही तेज गेंदबाजों के साथ उतरेगा।
उन्होंने आगे कहा, ”धीमी पिच पर, मैं कुलदीप, जडेजा और मानव सुथार के साथ दो तेज गेंदबाजों को देख रहा हूं। अगर हम गेंदबाजी संयोजन के बारे में बात करें तो सिराज वहां होंगे और टीम के पास प्रसिद्ध कृष्णा भी हैं। हां, कृष्णा को मौका मिल सकता है क्योंकि वह अनुभवी गेंदबाज हैं। इसलिए वे सिराज और प्रसिद्ध के रूप में दो तेज गेंदबाज और तीन स्पिनर के साथ उतर सकते हैं।”
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.