आमतौर पर ज्यादातर बच्चे 3 से 6 साल की उम्र के बीच में अपनी प्री-स्कूल या शुरुआती स्कूली शिक्षा शुरू करते हैं। इस तरह वो 12 साल की उम्र में मिडिल स्कूल की पढ़ाई कर रहे होते हैं, लेकिन अमेरिका के मिसिसिपी के जिमी चिलिमिग्रास की कहानी काफी अलग है। इनकी पढ़ाई-लिखाई की उम्र जानकर आपको हैरानी होगी।
18 की उम्र में बने लॉ ग्रेजुएट
दरअसल, कम उम्र में पढ़ाई की रेस में दौड़ लगाते हुए जिमी ने अब 18 साल की उम्र में लॉ की पढ़ाई भी पूरी कर ली है। जी हां, मिसिसिपी के बे सेंट लुइस के रहने वाले जेम्स “जिमी” चिलिमिग्रास ने मई 2026 में लोयोला यूनिवर्सिटी न्यू ऑरलियन्स कॉलेज ऑफ लॉ से ज्यूरिस डॉक्टर (JD) की डिग्री हासिल की।
15 साल की उम्र में शुरू की थी लॉ की पढ़ाई
बता दें कि उन्होंने लॉ स्कूल की पढ़ाई महज 15 साल की उम्र में शुरू की थी। टाइम्स ऑफ इंडिया में छपी एक रिपोर्ट में यूनिवर्सिटी के हवाले से बताया गया कि जिमी ने हाईएस्ट ऑनर्स के साथ डिग्री पूरी की और अपनी क्लास के टॉप 2 प्रतिशत छात्रों में जगह बनाई। इतना ही नहीं, उन्होंने 40 प्रतिशत से ज्यादा विषयों में अपनी क्लास का सबसे अधिक ग्रेड हासिल किया।
दो साल की उम्र से दिखने लगी थी प्रतिभा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जिमी सात भाई-बहनों में सबसे बड़े हैं। उनके माता-पिता के मुताबिक, बचपन से ही उनमें असाधारण सीखने की क्षमता दिखाई देती थी। महज दो साल की उम्र में वह पूरे वाक्यों में बात करने लगे थे। उनकी पढ़ाई भी सामान्य बच्चों की तुलना में काफी तेजी से आगे बढ़ी। उन्होंने 12 साल की उम्र में हाईस्कूल की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने कॉलेज में जाने के बजाय ऑनलाइन संस्था वेस्टर्न गवर्नर्स यूनिर्सिटी (Western Governors University) से पढ़ाई शुरू की। 15 साल की उम्र तक वह अकाउंटिंग में बैचलर और मास्टर डिग्री हासिल कर चुके थे।
15 साल में बने CPA
अकाउंटिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद जिमी ने CPA परीक्षा दी। जून 2023 में, 15 साल की उम्र में उन्होंने परीक्षा पास की। जर्नल ऑफ अकाउंटेंसी और नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्टेट बोर्ड्स ऑफ अकाउंटेंसी (NASBA) के अनुसार, उस समय उन्हें सीपीए परीक्षा पास करने वाला सबसे कम उम्र का व्यक्ति माना गया। अकाउंटिंग के बाद उनका अगला लक्ष्य कानून की पढ़ाई करना था, खासकर टैक्स लॉ में रुचि के कारण। इसी दिशा में उन्होंने 2023 में LSAT दिया और 180 में से 174 अंक हासिल किए। यह 99वें परसेंटाइल के आसपास का स्कोर था।
5 अलग-अलग फील्ड में स्पेलाइजेशन
जिमी ने 2023 के फॉल मेंलोयोला यूनिवर्सिटी न्यू ऑरलियन्स कॉलेज ऑफ लॉ में दाखिला लिया। उस समय उनकी उम्र सिर्फ 15 साल थी। तीन साल की पढ़ाई के बाद मई 2026 में उन्होंने 18 साल की उम्र में JD की डिग्री हासिल कर ली।
अपने अंतिम साल में उन्होंने स्टुअर्ट एच. स्मिथ लॉ क्लिनिक में रूल XX स्टूडेंट प्रैक्टिशनर के तौर पर काम किया। इस दौरान उन्होंने वास्तविक प्रवासन से जुड़े मामलों में मुवक्किलों का प्रतिनिधित्व किया। जिमी ने अपनी लॉ की पढ़ाई के साथ पांच अलग-अलग क्षेत्रों में स्पेशलाइजेशन सर्टिफिकेट भी हासिल किए। इनमें टैक्सेशन लॉ, सोशल जस्टिस, इमिग्रेशन एंड सिटिजनशिप लॉ, इंटरनेशनल लीगल स्टडीज और टेक्नोलॉजी एंड एंटरप्रेन्योरशिप शामिल हैं।
हालांकि, वह दुनिया के सबसे कम उम्र के लॉ ग्रेजुएट नहीं हैं। उपलब्ध ऐतिहासिक रिकॉर्ड्स में फ्लोरिडा के स्टीफन बॉकस (Baccus) ने 1986 में 16 साल की उम्र में JD की डिग्री हासिल की थी।
अब करेंगे LLM
लॉ की डिग्री हासिल करने के बाद भी जिमी की पढ़ाई का सफर खत्म नहीं हुआ है। अब वह शिकागो से टैक्सेशन में LLM करने की तैयारी कर रहे हैं। यह पहली बार होगा जब वह अपने गृह राज्य Mississippi से बाहर रहेंगे। इस डिग्री के साथ वह 20 साल की उम्र से पहले अपनी चौथी उच्च शिक्षा की डिग्री हासिल कर सकते हैं। जिमी का लक्ष्य आगे चलकर टैक्स लॉ के क्षेत्र में काम करना है। ऐसे में उनका एजुकेशनल सफर काफी दिलचस्प माना जा रहा है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.