पुलिस ने मृतकों की पहचान कर ली है. इनमें चार लोग महबूबनगर शहर के न्यू प्रेम नगर इलाके के रहने वाले बताए गए हैं. मृतकों में 30 वर्षीय अर्शिया बेगम, उनका 7 साल का बेटा मोहम्मद उज़ैब और 2 साल का बेटा मोहम्मद अमर शामिल हैं. चौथा मृतक बाइक चला रहा था. उसकी पहचान 25 वर्षीय याकूब अफ़ज़ल के रूप में हुई है, जो हैदराबाद का रहने वाला था और डिलीवरी बॉय का काम करता था. वहीं पांचवें मृतक की आधिकारिक पहचान अभी नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस सूत्रों के अनुसार वह कार का ड्राइवर था, जिसकी हादसे में मौके पर ही मौत हो गई.
रेस लगा रही थी बाइक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक एक अन्य दोपहिया वाहन के साथ तेज रफ्तार में रेस लगा रही थी. इसी दौरान बाइक चालक ने नियंत्रण खो दिया और गलत लेन में घुस गया. बताया जा रहा है कि कार चालक को संभलने या बचने का कोई मौका नहीं मिला और बाइक सीधे कार से टकरा गई. हादसा इतना भयानक था कि मदद पहुंचने से पहले ही सभी लोगों की मौत हो चुकी थी.
हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़
तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. स्थानीय लोगों ने पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने बताया कि मेडिकल जांच पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे.
परिवारों में पसरा मातम
हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है. पड़ोसियों के अनुसार अर्शिया बेगम अपने बच्चों को कहीं से लेने जा रही थीं, तभी यह हादसा हो गया. बताया जा रहा है कि अस्पताल में पत्नी और दोनों बेटों के शव देखकर बच्चों के पिता बेसुध होकर गिर पड़े. पुलिस ने बाइक चालक याकूब अफ़ज़ल के परिवार को भी हादसे की जानकारी दे दी है. उसके परिजन हैदराबाद से महबूबनगर के लिए रवाना हो चुके हैं.
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने और लापरवाही के कारण मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक सड़कों पर रेस लगाना गंभीर अपराध है. पुलिस ने चेतावनी दी है कि तेज रफ्तार और रेसिंग करते पकड़े जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस आसपास की दुकानों और इलाके के CCTV फुटेज खंगाल रही है, ताकि हादसे के पूरे घटनाक्रम की सही जानकारी मिल सके.
(इनपुट-शेख मोहसिन)
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.