सऊदी अरब (Saudi Arabia) ने भारत समेत 40 देशों से पोल्ट्री मीट और टेबल एग्स के आयात पर पूरी तरह रोक लगा दी है. यह कदम बर्ड फ्लू और अन्य पशु रोगों के खतरे को देखते हुए उठाया गया है. सऊदी फूड एंड ड्रग अथॉरिटी ने कहा कि यह फैसला सार्वजनिक स्वास्थ्य और फूड सेफ्टी को ध्यान में रखकर लिया गया है. इस बैन से प्रोसेस्ड पोल्ट्री प्रोडक्ट्स को छूट दी गई है, अगर वे वायरस खत्म करने वाले हीट ट्रीटमेंट से गुजरे हों. कुछ देशों पर आंशिक प्रतिबंध भी लगाए गए हैं, जबकि भारत जैसे देशों पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया गया है. इससे भारतीय पोल्ट्री एक्सपोर्टर्स पर असर पड़ सकता है.
भारत के अलावा बांग्लादेश, चीन, इंडोनेशिया, ईरान और यूनाइटेड किंगडम जैसे कई देशों को भी इस बैन लिस्ट में शामिल किया गया है. इसके अलावा अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस, फिलीपींस और कनाडा जैसे देशों के कुछ राज्यों और शहरों पर आंशिक प्रतिबंध लगाए गए हैं. सऊदी अथॉरिटी ने स्पष्ट किया है कि आंशिक प्रतिबंध पूरे देश पर लागू नहीं होते, बल्कि केवल प्रभावित क्षेत्रों तक सीमित रहते हैं.
बर्ड फ्लू का खतरा और सऊदी अरब का सख्त कदम
सऊदी फूड एंड ड्रग अथॉरिटी ने कहा है कि यह फैसला वैश्विक स्तर पर बर्ड फ्लू और अन्य संक्रामक पशु रोगों के मामलों को देखते हुए लिया गया है. अथॉरिटी के मुताबिक, यह प्रतिबंध समय समय पर रिव्यू किया जाता है और अंतरराष्ट्रीय रोग रिपोर्ट और जोखिम आकलन के आधार पर अपडेट किया जाता है. कुछ प्रतिबंध 2004 से लागू हैं, जबकि कई नए नियम हालिया आउटब्रेक्स के बाद जोड़े गए हैं.
प्रोसेस्ड पोल्ट्री प्रोडक्ट्स को मिली छूट
सऊदी अरब ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह प्रतिबंध पूरी तरह प्रोसेस्ड पोल्ट्री प्रोडक्ट्स पर लागू नहीं होता. अगर पोल्ट्री मीट या अंडों को ऐसे हीट ट्रीटमेंट या प्रोसेसिंग से गुजारा गया है, जिससे वायरस खत्म हो जाता है, तो उन्हें आयात की अनुमति मिल सकती है. इसके लिए जरूरी है कि प्रोडक्ट्स सभी हेल्थ मानकों को पूरा करें और सर्टिफाइड सुविधाओं से आएं.
भारतीय एक्सपोर्टर्स पर क्या असर होगा
इस प्रतिबंध से भारतीय पोल्ट्री एक्सपोर्ट इंडस्ट्री को झटका लग सकता है. सऊदी अरब भारतीय पोल्ट्री प्रोडक्ट्स के लिए एक अहम बाजार माना जाता है, और नए नियमों के बाद एक्सपोर्टर्स को अपने शिपमेंट और सप्लाई चेन की समीक्षा करनी होगी. ट्रेड अथॉरिटीज और एक्सपोर्टर्स अब इस बैन के आर्थिक असर का आकलन करने में जुटेंगे.
About the Author

जय ठाकुर 2018 से खबरों की दुनिया से जुड़े हुए हैं. 2022 से News18Hindi में सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं और बिजनेस टीम का हिस्सा हैं. बिजनेस, विशेषकर शेयर बाजार से जुड़ी खबरों में रुचि है. इसके अलावा दे…और पढ़ें
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.