Kumar Sanu Son Jaan Kumar Sanu Corona Positive: मशहूर सिंगर कुमार सानू के बेटे और ‘बिग बॉस’ के एक्स-कंटेस्टेंट जान कुमार सानू कोरोना वायरस की चपेट में आ गए हैं। रविवार, 12 जुलाई को उन्होंने खुद सोशल मीडिया पर अपने फैंस को यह जानकारी दी। तबीयत बिगड़ने के कारण उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
मुश्किल में भी नहीं भूले अपना ह्यूमर
अस्पताल के बिस्तर से जान ने अपना एक वीडियो भी शेयर किया है। अच्छी बात यह है कि इस बीमारी के बावजूद उनका मजाकिया अंदाज कायम है। अपने वीडियो के साथ उन्होंने काफी मजेदार कैप्शन लिखा।
“चीन से आया मेरा दोस्त… कोविड को सलाम करो। फिट चेक, आज मैंने अपने पसंदीदा डिजाइनर ‘कोकिलाबेन’ का आउटफिट पहना है। यहां वुहान वाले कोविड की वजह से भर्ती हूं।”
जान के अस्पताल में भर्ती होने की खबर सुनकर उनके चाहने वाले थोड़े चिंतित जरूर हुए हैं, लेकिन कॉमेंट्स में लगातार उनके जल्द ठीक होने की दुआएं की जा रही हैं। बता दें कि देश के कुछ हिस्सों में कोरोना के मामले फिर से नजर आ रहे हैं। हाल ही में आंध्र प्रदेश से भी कुछ केस सामने आए थे, ऐसे में यह खबर थोड़ी चिंता बढ़ाने वाली है।
जान कुमार सानू की निजी जिंदगी की बात करें, तो वह कुमार सानू की पहली पत्नी रीता भट्टाचार्या के बेटे हैं। कुमार सानू और रीता का 1994 में तलाक हो गया था। जान ने कई बार बताया है कि जब उनकी मां 6 महीने की प्रेग्नेंट थीं, तभी उनके माता-पिता का रिश्ता टूट गया था। ऐसे में उनकी मां ने अकेले ही उन्हें पाला-पोसा है और जान अपनी मां को ही अपना सबकुछ मानते हैं।
पिता कुमार सानू से कैसे हैं रिश्ते?
‘बिग बॉस’ के घर में रहने के दौरान जान ने अपने पिता को लेकर कई चौंकाने वाले दावे किए थे। उनका कहना था कि उनके पिता कुमार सानू ने उनके करियर में कभी उनकी मदद नहीं की और न ही कोई सपोर्ट दिया। हालांकि, कुमार सानू ने बाद में सफाई देते हुए कहा था कि उन्होंने अपने बेटे को काम दिलाने की अपनी तरफ से पूरी कोशिश की थी।
भले ही बाप-बेटे के रिश्तों में कड़वाहट रही हो, लेकिन जान हमेशा यही कहते हैं कि चाहे कितने भी मतभेद क्यों न हों, आखिर में कुमार सानू ही उनके पिता रहेंगे। फिलहाल, फैंस यही उम्मीद कर रहे हैं कि जान जल्द से जल्द कोरोना को मात देकर पूरी तरह से स्वस्थ हो जाएं।