- कॉपी लिंक
स्टंट आधारित रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी’ के नए सीजन को लेकर दर्शकों में जबरदस्त बज बना हुआ है। दैनिक भास्कर से खास बातचीत में शो के पॉपुलर कंटेस्टेंट्स जैस्मीन भसीन, करण वाही और शगुन शर्मा ने अपने इस एडवेंचरस सफर, डर और पर्सनल लाइफ पर खुलकर बात की।
बातचीत के दौरान जैस्मीन भसीन ने अपने हालिया हेल्थ इश्यू के बाद आए मानसिक बदलाव पर कहा कि वे अब खुद को प्राथमिकता देती हैं ताकि किसी पर बोझ न बनें। वहीं, करण वाही ने एक्टिंग, होस्टिंग और रियलिटी शो के प्रेशर के अंतर को समझाया, जबकि शगुन शर्मा ने बताया कि डेली सोप की स्क्रिप्टेड दुनिया से अलग रियलिटी शो में काम करना कितना चुनौतीपूर्ण होता है।
सबसे पहले पढ़िए जैस्मीन भसीन से बातचीत के प्रमुख अंश….

सवाल: इस बार ‘खतरों के खिलाड़ी’ में आपका कमबैक हुआ है। क्या यह सिर्फ एक कम्पटीशन था या खुद को कुछ साबित करने का मौका? जैस्मीन भसीन: मेरे लिए यह शो हमेशा खुद को कुछ साबित करने और खुद को यह याद दिलाने का जरिया रहा है कि जिंदगी आसान नहीं होने वाली है। आपको लगातार चुनौतियों से गुजरना होगा और अपने डर का सामना करना सीखना होगा। मेरे लिए हमेशा से यही सोच रही है और इस बार भी यही था।
सवाल: हाल ही में आपने अपनी हेल्थ प्रॉब्लम का सामना किया। उस अनुभव के बाद जिंदगी को देखने का नजरिया कितना बदला है? जैस्मीन भसीन: मेरा नजरिया अब इस मामले में बदल गया है कि मेरे लिए मेरी सेहत ही मेरी पहली प्राथमिकता (First Priority) होनी चाहिए। मुझे कभी भी खुद को, अपनी सेहत को और अपनी जरूरतों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। अगर कल को मेरी सेहत खराब होती है, तो मैं दूसरों पर बोझ बन जाऊंगी।
जिन लोगों के लिए या जिस प्रोफेशन के लिए मैं अपनी सेहत को नजरअंदाज करती हूं, अगर सेहत ही ठीक नहीं रही तो न मैं काम कर पाऊंगी और न उन लोगों के साथ रह पाऊंगी जो मेरे लिए मायने रखते हैं। इसलिए इस साल मैंने तय किया है कि सबसे पहले अपना ख्याल रखूंगी।
सवाल: इस सफर में अली गोनी ने आपको क्या ऐसी सलाह दी जो आज भी याद है? जैस्मीन भसीन: अली ने मुझसे बस इतना ही कहा था कि स्ट्रेस (तनाव) मत लेना। जो स्टंट तुमसे हो पाए वो कर लेना, और जो न हो पाए, उसके लिए बिल्कुल परेशान मत होना।

सवाल: अगर आपको इस शो का कोई एक स्टंट दोबारा करने का मौका मिले, तो कौन सा चुनेंगी? जैस्मीन भसीन: अगर मुझे कोई एक स्टंट दोबारा करने का मौका मिले, तो वो एयरप्लेन वाला स्टंट होगा, जिसे आप सभी ने प्रोमो में भी देखा है।
अब पढ़िए करण वाही से हुई खास बातचीत.…

सवाल: इतने सालों बाद इस शो में वापसी की है। क्या इस बार आपने अपने एक्सपीरियंस के दम पर खेल खेला या रिस्क लेने की क्षमता बढ़ गई थी? करण वाही: मुझे लगता है कि ‘खतरों के खिलाड़ी’ जैसे शो में एक्सपीरियंस एक हद तक ही काम आता है। आखिरकार आपको रिस्क तो लेना ही पड़ता है। वक्त के साथ आपकी रिस्क लेने की क्षमता बढ़ती है या घटती है, यह आपकी पर्सनैलिटी पर निर्भर करता है। तो हां, कई जगहों पर मैंने ज्यादा रिस्क लिया और कई जगहों पर संभालकर खेला।
सवाल: आप होस्टिंग, एक्टिंग और रियलिटी शो तीनों कर चुके हैं। सबसे ज्यादा प्रेशर किसमें महसूस होता है? करण वाही: सबसे ज्यादा प्रेशर रियलिटी शो में ही महसूस होता है। एक्टिंग और होस्टिंग में वैसा प्रेशर नहीं होता। जहां भी आपको किसी से मुकाबला करना पड़ता है, दबाव वहीं बनता है। एक्टिंग और होस्टिंग में आप अपना काम कर रहे होते हैं, वहां कोई डायरेक्ट कम्पटीशन नहीं होता।
सवाल: इस सीजन में किस कंटेस्टेंट ने आपको सबसे ज्यादा इम्प्रेस किया और किसने सरप्राइज किया? करण वाही: मुझे सबसे ज्यादा सरप्राइज ओरी (Orry) ने किया और सबसे ज्यादा इम्प्रेस फराना ने किया।

सवाल: रोहित शेट्टी की कौन सी एडवाइस या बात हमेशा आपके साथ रहेगी? करण वाही: रोहित सर का पूरा औरा और उनका तरीका ही अपने आप में कमाल का है। वे हमेशा सही वक्त पर सही बात कहते हैं और आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। वे शो की बैकबोन (रीढ़ की हड्डी) हैं। ऐसा कोई एक पर्टिकुलर वाक्य नहीं है, लेकिन उनका जो भरोसा मुझ पर रहा, वही मेरे लिए बहुत बड़ी बात है।
सवाल: अगर बॉलीवुड के किसी एक्टर के साथ पार्टनर स्टंट करना हो, तो किसे चुनेंगे? करण वाही: बॉलीवुड एक्टर में… मैं रवि दुबे को चुनूंगा! अब तो वह हमारा दोस्त बॉलीवुड एक्टर बन चुका है, उसकी ‘रामायण’ आ रही है।
शो पर शगुन शर्मा के खुलासे…

सवाल: शो से पहले लोग आपको टीवी एक्ट्रेस के तौर पर जानते थे। क्या इस शो के बाद आपकी इमेज पूरी तरह बदल जाएगी? शगुन शर्मा: पूरी तरह से तो नहीं बदलेगी, लेकिन लोगों को यह जरूर समझ आ जाएगा कि जो किरदार मैं टीवी पर निभाती हूं और रियल लाइफ में शगुन जैसी है, वे दोनों बहुत अलग हैं। दर्शकों को मेरी असली पर्सनैलिटी की झलक मिल जाएगी।
सवाल: रियलिटी शो और डेली सोप (सीरियल्स) में सबसे बड़ा डिफरेंस कहां महसूस हुआ? शगुन शर्मा: सबसे बड़ा अंतर यही है कि रियलिटी शो में कैमरे आपके रॉ और असली इमोशंस को कैप्चर करते हैं। सीरियल्स में आपके पास एक लिखी हुई स्क्रिप्ट होती है। सीरियल्स में काम करते हुए आप खुद को उतना नहीं जान पाते, जबकि रियलिटी शो में आप अपने उन इमोशंस और ताकतों से रूबरू होते हैं, जिनके बारे में आपको खुद भी पता नहीं होता।

सवाल: सबसे मुश्किल स्टंट कौन सा था, जिसे देखकर लगा कि ‘बस अब नहीं होगा’? शगुन शर्मा: चूंकि अभी शो का टेलीकास्ट शुरू नहीं हुआ है, इसलिए मैं किसी खास स्टंट का नाम नहीं ले सकती। लेकिन इतना जरूर कहूंगी कि सभी स्टंट्स बहुत ज्यादा मुश्किल थे।
सवाल: अगर आपको इस सीजन का ‘मोस्ट फियरलेस कंटेस्टेंट’ चुनना हो, तो किसका नाम लेंगी? शगुन शर्मा: मैं नए बैच में से अविनाश का नाम लूंगी। उसे किसी भी चीज से डर नहीं लगता था और वह हर स्टंट के लिए हमेशा एक्साइटेड और तैयार रहता था।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
