KBC 18: अमिताभ बच्चन होस्टेड रियलिटी टीवी शो कौन बनेगा करोड़पति के हालिया एपिसोड में ऑडियंस को एक ऐसी शॉकिंग कहानी सुनने को मिली, जो बहुतों के लिए सीख साबित हो सकती है।
क्रिकेट प्रेडिक्शन से शुरू हुई कहानी
साही ने शो के होस्ट अमिताभ बच्चन के साथ खेल को आगे बढ़ाते हुए 12.5 लाख रुपये जीते। इसके बाद 25 लाख रुपये का सवाल उनके सामने आया और यहां पर उन्हें खेल छोड़कर बाहर होना पड़ा। केबीसी 18 के एपिसोड के दौरान दुर्गा प्रसाद ने अपने निजी जीवन के बारे में खुलकर बात की और बताया कि उन्हें पहले क्रिकेट के स्कोर की भविष्यवाणी करने का शौक था, लेकिन यह आदत सट्टेबाजी में बदल गई और फिर धीरे-धीरे जुए की लत में तब्दील हो गई। इस वजह से दुर्गा प्रसाद को काफी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा।
10-20 रुपये से शुरू हुई जुए की लत
कौन बनेगा करोड़पति में बहुत सूझबूझ के साथ खेल को आगे बढ़ा रहे दुर्गा प्रसाद ने बताया कि उन्होंने दोस्तों के साथ 10-20 रुपये की शर्त लगाकर शुरुआत की थी। फिर धीरे-धीरे वह अपने कर्ज चुकाने के लिए 50,000 रुपये जैसी बड़ी रकम उधार लेने लगे। अब क्योंकि वह अपने पुराने कर्ज को चुकाने के लिए पैसे उधार ले रहे थे, इसलिए कर्जा बढ़ता चला गया। उन्हें पता भी नहीं चला कि कब 10 रुपये का कर्ज 10 लाख रुपये के कर्ज में बदल गया। कंटेस्टेंट ने बताया कि उन्होंने शॉर्टकट अपनाया जो कि उन्हें भारी पड़ गया।
दुर्गा प्रसाद ने जाने से पहले किया वादा
नेशनल टीवी पर उन्होंने इस बात को स्वीकार किया कि उन्होंने कभी अपने परिवार को इस बारे में पता नहीं चलने दिया। उन्होंने कहा कि मुझे खुद पर शर्म आती थी। उन्हें इस बात का दुख होता था कि वह अपने छात्रों के लिए एक बुरा उदाहरण पेश कर रहे हैं। साल 2020 में दुर्गा प्रसाद की जिंदगी ने एक नया मोड़ लिया। परिवार और दोस्तों की मदद से उन्होंने इस लत से बाहर निकलने की कोशिश की। दुर्गा प्रसाद ने शो पर वादा किया कि वह जीते हुए पैसों से अपना सारा कर्ज चुकाना चाहते हैं। दुर्गा जब 12.5 लाख रुपये जीत चुके थे और 25 लाख का सवाल खेलने जा रहे थे तो अमिताभ बच्चन ने एक अच्छी सलाह देते हुए कहा कि अब इन पैसों पर दांव पर मत लगाओ। दुर्गा प्रसाद ने उन्हें भरोसा दिलाया कि उन्होंने अब यह सब पीछे छोड़ दिया है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.