- ऑनलाइन आवेदन 1 जून से 30 जून तक, सुधार 5-10 जुलाई.
झारखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है. झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने तकनीकी और विशेष योग्यता वाले पदों के लिए संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इस भर्ती के जरिए कुल 615 पदाधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी. इनमें कुछ बैकलॉग पद भी शामिल हैं. लंबे समय से इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह मौका बेहद खास माना जा रहा है.
इस भर्ती में कई अलग-अलग विभागों के पद शामिल हैं. सहायक कीट विज्ञानवेत्ता के 2 पद, वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी के 4 पद, वेक्टर जनित रोग निरीक्षक के 42 पद, प्रखंड सांख्यिकी पर्यवेक्षक और कनीय सांख्यिकी सहायक के कुल 228 पद, गव्य तकनीकी पदाधिकारी के 72 पद, मत्स्य पर्यवेक्षक के 78 पद, अंकेक्षक के 145 पद, कनीय वैज्ञानिक सहायक के 6 पद, प्रयोगशाला सहायक भौतिकी के 1 पद और प्रयोगशाला सहायक रसायन के 34 पद भरे जाएंगे.
किस पद के लिए क्या योग्यता
हर पद के लिए अलग शैक्षणिक योग्यता तय की गई है. असिस्टेंट एंटोमोलॉजिस्ट के लिए जीव विज्ञान (कीट विज्ञान) में स्नातकोत्तर डिग्री जरूरी है. वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी और निरीक्षक के लिए विज्ञान में स्नातक होना चाहिए. प्रखंड सांख्यिकी पर्यवेक्षक, कनीय सांख्यिकी सहायक और अन्वेषक पद के लिए गणित, अर्थशास्त्र या सांख्यिकी के साथ स्नातक डिग्री मांगी गई है.
गव्य तकनीकी पदाधिकारी के लिए डेयरी टेक्नोलॉजी या डेयरी विज्ञान में स्नातक डिग्री जरूरी है. मत्स्य प्रसार पर्यवेक्षक के लिए मत्स्य विज्ञान या जन्तु विज्ञान में स्नातक डिग्री चाहिए. ऑडिटर पद के लिए गणित, अर्थशास्त्र, वाणिज्य या सांख्यिकी में स्नातक डिग्री मान्य होगी. जूनियर साइंटिस्ट असिस्टेंट के लिए विज्ञान, फार्मेसी, औषधि रसायन या आयुर्विज्ञान में स्नातक या स्नातकोत्तर डिग्री मांगी गई है. साथ ही कुछ मामलों में लैब अनुभव भी जरूरी है. लैब असिस्टेंट के लिए संबंधित विषय में ऑनर्स के साथ स्नातक डिग्री होनी चाहिए.
ये भी पढ़ें-CTET Result 2026: CBSE ने फरवरी परीक्षा का रिजल्ट किया जारी, DigiLocker से E-Certificate डाउनलोड शुरू
उम्र सीमा क्या है
आवेदन करने वाले कैंडिडेट्स को उम्र की बात करें तो कम से कम उम्र 21 वर्ष रखी गई है. अधिकतम उम्र अनारक्षित और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 35 वर्ष है. अत्यंत पिछड़ा और पिछड़ा वर्ग (पुरुष) के लिए 37 वर्ष की सीमा है. महिलाओं के लिए यह सीमा 38 वर्ष है. अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के पुरुष और महिला अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम उम्र 40 वर्ष रखी गई है.
परीक्षा कैसे होगी
चयन प्रक्रिया दो चरणों में होगी प्रारंभिक परीक्षा और मुख्य परीक्षा. प्रारंभिक परीक्षा में कुल 120 प्रश्न पूछे जाएंगे और इसके लिए 2 घंटे का समय मिलेगा. इसमें सामान्य अध्ययन के 30 प्रश्न, झारखंड से संबंधित ज्ञान के 60 प्रश्न, सामान्य गणित के 10 प्रश्न, सामान्य विज्ञान के 10 प्रश्न और मानसिक क्षमता जांच के 10 प्रश्न होंगे.
कहां और कब करें आवेदन?
इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 1 जून से शुरू होगी और 30 जून तक चलेगी. उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट jssc.jharkhand.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकेंगे. अगर आवेदन में कोई गलती हो जाए, तो उसे सुधारने का मौका 5 जुलाई से 10 जुलाई के बीच मिलेगा.
Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.