नयी दिल्ली, एक अक्टूबर जियो प्लेटफॉर्म्स ने करीब 3.8 अरब अमेरिकी डॉलर के अनुमानित मूल्य वाले प्रस्तावित आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए सार्वजनिक पेशकश से जुड़े दस्तावेजों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने यह जानकारी दी। सूत्र के अनुसार, कंपनी ने दुनिया भर में संभावित निवेशकों के साथ बैठकें पूरी करने के बाद आईपीओ की पहली प्रक्रिया पूरी कर ली है।
अमेरिका, ब्रिटेन, दुबई, सिंगापुर और हांगकांग में संभावित निवेशकों के साथ ये बैठकें हुईं। जियो प्लेटफॉर्म्स के प्रबंध निदेशक और रिलायंस जियो के चेयरमैन आकाश अंबानी तथा रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड की कार्यकारी निदेशक ईशा अंबानी ने इनका नेतृत्व किया। सूत्र ने पीटीआई-से कहा, ‘‘जियो प्लेटफॉर्म्स ने दुनिया भर में संभावित निवेशकों के साथ बैठकें करने के बाद आईपीओ की पहली प्रक्रिया पूरी कर ली है।
अब कंपनी दस्तावेजों का मसौदा दाखिल करने की तैयारी कर रही है।’’
जियो प्लेटफॉर्म्स को भेजे गए ईमेल का कोई जवाब नहीं मिला। उद्योगपति मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज की डिजिटल सेवाओं की इकाई जियो प्लेटफॉर्म्स को पिछले महीने बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) से आईपीओ लाने की मंजूरी मिली थी। इससे देश में सबसे बड़े आईपीओ की राह खुल गई है।
सेबी ने 28 अगस्त को जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ दस्तावेजों पर अपनी अंतिम टिप्पणियां जारी की थीं। कंपनी ने जून में आईपीओ के लिए दस्तावेज दाखिल किए थे।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.