मुंबई, दो अक्टूबर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को धारावी के प्रस्तावित पुनर्विकास योजना को प्रदर्शित करने वाले ‘एक्सपीरियंस सेंटर’ का उद्घाटन किया। इस केंद्र में धारावी के निवासियों को प्रस्तावित नए घरों, दुकानों और व्यावसायिक स्थानों, परिवहन सुविधाओं तथा अन्य सार्वजनिक सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। परियोजना से जुड़े लोगों के अनुसार, गांधी जयंती के अवसर पर 22,500 वर्ग फुट क्षेत्र में शुरू किए गए इस केंद्र में प्रस्तावित 350 वर्ग फुट के पुनर्वास घरों और 500 वर्ग फुट के नए अपार्टमेंट के वास्तविक आकार के मॉडल रखे गए हैं।
यहां प्रस्तावित टाउनशिप का 3डी स्वरूप भी दिखाया गया है, जिससे लोग पूरे क्षेत्र में होने वाले बदलाव को समझ सकेंगे। फडणवीस ने धारावी के लिए एक गीत जारी किया और इलाके पर आधारित एक चित्रात्मक पुस्तक का भी विमोचन किया। धारावी एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी बस्तियों में से एक है और यहां 10 लाख से अधिक लोग रहते हैं।
अदाणी समूह धारावी का पुनर्विकास कर रहा है। योजना के तहत करीब 600 एकड़ में फैले इस इलाके को एक एकीकृत शहरी क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसमें घर और लोगों की आजीविका के बीच धारावी में मौजूद संबंध को बनाए रखने पर जोर दिया गया है।
परियोजना के तहत नए पुनर्वास घर, बेहतर व्यावसायिक स्थान, स्कूल, स्वास्थ्य सुविधाएं, परिवहन व्यवस्था, पार्क और खुले स्थान विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा मीठी नदी के पुनर्जीवन और 3.3 किलोमीटर लंबे सार्वजनिक नदी तट को विकसित करने की भी योजना है। परियोजना से जुड़े लोगों ने बताया कि एक्सपीरियंस सेंटर में डिजिटल स्क्रीन और संवादात्मक प्रदर्शनियों के माध्यम से पुनर्विकास योजना की जानकारी दी जा रही है।
इसमें आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्र, सड़कें, सार्वजनिक परिवहन, स्कूल, स्वास्थ्य सुविधाएं, पूजा स्थल, पार्क और अन्य सामुदायिक सुविधाओं को दिखाया गया है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.