भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जवागल श्रीनाथ ने कहा है कि टी20 प्रारूप की इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) महत्वपूर्ण है, लेकिन खेल में गहराई के लिए टेस्ट क्रिकेट जरूरी है। श्रीनाथ, इंदौर में मध्यप्रदेश क्रिकेट संगठन (एमपीसीए) के वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में बुधवार रात शामिल हुए। उन्होंने समारोह के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘आईपीएल महत्वपूर्ण है।
लेकिन अगर आपको खेल में गहराई चाहिए, तो यह पांच दिन के क्रिकेट में है। इसलिए टेस्ट क्रिकेट को सभी क्रिकेट प्रारूपों की जननी कहा जाता है।’’
श्रीनाथ ने कहा कि टेस्ट क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ी के लिए टी20 खेलना अपेक्षाकृत आसान हो सकता है, लेकिन टी20 खेलने वाले खिलाड़ी के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलना उतना आसान नहीं है। उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि उन्हें टेस्ट क्रिकेट यानी लंबे प्रारूप के खेल पर ध्यान देना चाहिए और इसके साथ ही टी20 भी खेलना चाहिए।
इन दिनों आईसीसी मैच रेफरी की भूमिका में नजर आ रहे श्रीनाथ ने कहा कि राज्य क्रिकेट संघों, अभिभावकों और प्रशिक्षकों की जिम्मेदारी है कि वे युवा खिलाड़ियों का सही मार्गदर्शन करें। पुरस्कार वितरण समारोह में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और एमपीसीए अध्यक्ष महानआर्यमन सिंधिया भी मौजूद थे। समारोह में एमपीसीए के खिलाड़ियों, टीमों और क्रिकेट से जुड़ी हस्तियों को पुरस्कारों और प्रोत्साहन राशि के रूप में करीब तीन करोड़ रुपये वितरित किए गए।
प्रशांत मेहता को ‘माधवराव सिंधिया लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ और आनंद पटेल को ‘सी.टी. सरवटे लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ प्रदान किया गया।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.