कोच्चि, 27 जुलाई चर्चित ट्रांसजेंडर मेकअप आर्टिस्ट और रियलिटी शो में भाग ले चुकी जानमोनी दास ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके माता-पिता को लेकर की गई अपनी हालिया आपत्तिजनक टिप्पणी के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है और कहा कि उनकी किसी को आहत करने की कोई मंशा थी। इंस्टाग्राम पर साझा किए गए एक वीडियो में दास ने कहा कि यदि उनकी टिप्पणी से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह सार्वजनिक रूप से माफी मांगती हैं। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि ऐसा बयान देने से पहले उन्हें तथ्यों की पुष्टि कर लेनी चाहिए थी।
नयी दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन पर मीडिया के एक वर्ग से बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ दास की आपत्तिजनक टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हुआ था, जिसके बाद उनकी तीखी आलोचना हुई। दास ने इंस्टाग्राम पर साझा किए गए नए वीडियो में कहा, ‘‘मेरे वीडियो को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। मुझे अंदाजा नहीं था कि यह इतना बड़ा मुद्दा बन जाएगा।
मैंने दिल्ली के प्रदर्शन से संबंधित एक वीडियो देखने के बाद प्रतिक्रिया दी थी और मीडिया द्वारा पूछे गए एक सवाल का जवाब दिया था। हो सकता है कि मैं मलयालम में अपनी बात ठीक तरह से नहीं रख पाई।’’
उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले की गंभीरता का एहसास तब हुआ, जब सोमवार सुबह से उन्हें बड़ी संख्या में धमकी भरे फोन आने लगे और संदेश मिलने लगे। दास ने कहा, ‘‘शुरुआत में मुझे समझ ही नहीं आया कि क्या हुआ है।
बाद में मेरे कुछ दोस्तों ने फोन करके बताया कि यह बड़ा मुद्दा बन गया है। इसके तुरंत बाद मैंने मेरा वीडियो अपलोड करने वाले सभी लोगों से उसे हटाने का अनुरोध किया।’’
उन्होंने दावा किया कि विवाद के बाद उन्हें केरल, देश के अन्य हिस्सों के अलावा सऊदी अरब और अबू धाबी से भी धमकी भरे फोन आए। दास ने स्पष्ट किया कि उनका प्रधानमंत्री की मां के बारे में कोई टिप्पणी करने का इरादा नहीं था और उनकी बात केवल उस वीडियो में दिखाई गई सामग्री से संबंधित थी, जिसे उन्होंने देखा था।
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने केवल उस सामग्री के आधार पर एक सवाल उठाया था, जिसे मैंने देखा था। मेरा उद्देश्य मोदी जी के खिलाफ कोई टिप्पणी करना नहीं था।’’
दास ने कहा कि वीडियो वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में लोग उनसे नाराज हो गए, लेकिन उनका कभी किसी की भावनाओं को आहत करने का इरादा नहीं था। उन्होंने कहा, ‘‘यदि मुझसे कोई गलती हुई है तो मैं दिल से माफी मांगती हूं।
मैं सार्वजनिक रूप से माफी मांगना चाहती थी। कृपया मुझे बच्चा समझकर माफ कर दीजिए। मुझे इससे अधिक कुछ नहीं कहना है।’’
दास ने यह भी कहा कि गूगल पर जानकारी खोजने के बाद उन्हें पता चला कि उनकी कही गई बात तथ्यात्मक रूप से गलत थी।
उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा बयान देने से पहले मुझे तथ्यों की जांच कर लेनी चाहिए थी। मैं इस घटना से बहुत व्यथित थी, इसलिए देर से ही सही, मैंने यह वीडियो साझा करने का फैसला किया।’’
दास ने लोगों से यह भी आग्रह किया कि वे इस मामले को गंभीरता से न लें। इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष नव्या हरिदास ने कोझिकोड में सहायक पुलिस आयुक्त के समक्ष जानमोनी दास के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
मेकअप आर्टिस्ट की सार्वजनिक माफी को ठुकराते हुए हरिदास ने कहा कि दास की समस्या की नहीं थी और सोशल मीडिया को ऐसा मंच नहीं माना जाना चाहिए जहां कोई भी किसी के भी खिलाफ कुछ भी कह सके। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा की कार्यकर्ता मंगलवार पूर्वाह्न 10 बजे राज्य भर के पुलिस थानों में दास के खिलाफ शिकायत दर्ज कराएंगी। हरिदास ने कोझिकोड में संवाददाताओं से कहा, ‘‘ देश में मिली अभिव्यक्ति की आजादी का अभिप्राय यह नहीं है कि किसी के भी खिलाफ कुछ भी कहा जाए।’’
भाजपा नेता ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री और उनके माता-पिता के खिलाफ अपमानजनक बातें कही गईं।
ऐसी प्रवृत्तियों पर केवल सख्त कानूनी कार्रवाई से ही रोक लगाई जा सकती है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.