जन्माष्टमी के दिन भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप लड्डू गोपाल का पूजन किया जाता है। ऐसे में हर कोई इस दिन के लिए लड्डू गोपाल को बहुत सुंदर तरीके से सजाना पसंद करते हैं। यहां जानिए लड्डू गोपाल को सजाने के लिए कुछ खूबसूरत आइडियाज।
1) सबसे पहले नहलाएं
लड्डू गोपाल को सजाने के लिए सबसे पहले उन्हें नहलाना होगा। इसके लिए एक साफ आसन पर बैठ जाएं और फिर एक साफ पूजा की थाली में लड्डू गोपाल को बैठाएं। रोजाना साधारण ताजे जल या गंगाजल से नहलाया जाता है लेकिन जन्माष्टमी पर पंचामृत (कच्चा दूध, दही, शहद, घी और पिसी चीनी) से अभिषेक किया जाता है। अच्छी तरह से नहलाने के बाद साफ कपड़े से पोंछ लें।ध्यान रखें कि नहलाने से पहले पुराने रंग को भी पूरी तरह से साफ कर लें।
2) शरीर को रंगे
लड्डू गोपाल के शरीर पर ज्यादातर लोग नीले, काले या हल्के गुलाबी रंग का कलर लगाना पसंद करते हैं। अगर आपको पूरी तरह से लड्डू गोपाल को रंगना नहीं है तो आप माथे पर गोपी चंदन भी लगा सकते हैं। शरीर पर रंग को पूरी तरह से फैलाने के लिए फ्लैट ब्रश का इस्तेमाल करें।
3) आंखें सजाएं
लड्डू गोपाल की आंखें बहुत ज्यादा आकर्षक तरीके से सजाई जाती हैं। सबसे पहले सफेद रंग से आंखों का बेस बनाएं। इसके बाद काले और नीले रंग से सुंदर थ्री डी आंखें और पलकें उभारें। पलकों पर और आंखों के नीचे वाटरलाइन पर काले रंग की आउटलाइन बनाएं। आईब्रो को भी काले रंग से अच्छी तरह से फिल करें।
4) मेकअप करें
माथे पर सुंदर तिलक और चंदन का आकार बनाएं। बारीक ब्रश की मदद से होठों पर हल्का लाल या गुलाबी रंग दें। गालों पर गुलाबी रंग का हल्का स्पर्श दें। इसके अलावा आंखों के साइड में सफेद और लाल रंग का इस्तेमाल करके गोला बनाएं। गले पर डोट्स से नेकलेस की शेप दें और हाथों पर भी रंग बाजूबंद और चूड़ी बनाएं।
5) पोशाक पहनाएं
जन्माष्टमी के दिन लड्डू गोपाल को नए और साफ कपड़े पहनाएं। कपड़ों के साथ मैचिंग पगड़ी पहनाएं और उसमें मोर पंख लाएं। ड्रेस से मैच करती माला पहनाएं। हाथों में कंगन और पैरों में पायल भी पहनाएं। साथ में एक छोटी सी बांसूरी भी रखें।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.