- कॉपी लिंक
भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा आस्था का बहुत बड़ा उत्सव है। हर साल लाखों श्रद्धालु इसमें शामिल होते हैं। लेकिन भारी भीड़, लंबा पैदल सफर और बदलता मौसम इस यात्रा को चुनौतीपूर्ण भी बना सकते हैं। अगर आप पहली बार रथ यात्रा में जा रहे हैं तो कुछ जरूरी तैयारियां और सुरक्षा नियम पहले से जान लेना बेहद जरूरी है। आखिर यात्रा पर निकलने से पहले क्या तैयारी करें, भीड़ में खुद और परिवार को कैसे सुरक्षित रखें, क्या साथ ले जाएं और किन गलतियों से बचें? इन सभी सवालों के जवाब यहां जानिए।
भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है। हर साल लाखों श्रद्धालु इस महापर्व का हिस्सा बनने पुरी पहुंचते हैं। लेकिन भारी भीड़, लंबा पैदल सफर और बदलता मौसम इस यात्रा को चुनौतीपूर्ण भी बना सकते हैं। अगर आप पहली बार रथ यात्रा में जा रहे हैं तो पहले से कुछ जरूरी तैयारियां करना और सुरक्षा नियम जानना बेहद जरूरी है।
इसलिए आज ‘जरूरत की खबर’ में हम बात करेंगे यात्रा से जुड़ी तैयारियों की। साथ ही जानेंगे कि-
- भीड़ में खुद को और परिवार को कैसे सुरक्षित रखें?
- कौन-सा सामान साथ ले जाएं?
- किन गलतियों से हर हाल में बचें?
सवाल- अगर पहली बार रथ यात्रा देखने जा रहे हैं तो सबसे पहले क्या तैयारी करें?
जवाब- घर से निकलने से पहले ये तैयारियां जरूरी हैं–
- रथ यात्रा का रूट और समय पहले से जान लें।
- प्रशासन की ट्रैफिक और सुरक्षा एडवाइजरी पढ़ लें।
- होटल और आने-जाने की बुकिंग पहले कर लें।
- मौसम का हाल देखकर रेनकोट या छाता साथ रखें।
- मोबाइल पूरी तरह चार्ज करें और पावर बैंक साथ रखें।
- परिवार या दोस्तों के साथ जा रहे हैं तो मिलने की एक जगह पहले से तय कर लें।
- मोबाइल में ऑफलाइन मैप, होटल का पता और जरूरी नंबर सेव कर लें।
- पहचान पत्र, जरूरी दवाइयां, पानी की बोतल और थोड़ा ORS साथ रखें।
- भीड़ और सुरक्षा से जुड़े स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

सवाल- क्या रथ यात्रा में हर कोई शामिल हो सकता है?
जवाब- हां, रथ यात्रा में आमतौर पर हर श्रद्धालु शामिल हो सकता है। हालांकि, वहां भारी भीड़ होती है और लंबा पैदल चलना पड़ सकता है। ऐसे में बुजुर्ग, छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए।
सवाल- रथ यात्रा देखने का सबसे सुरक्षित तरीका क्या है?
जवाब- रथ यात्रा के दौरान सबसे जरूरी है कि आप प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और भीड़ में धक्का-मुक्की से बचें। अन्य जरूरी बातें पॉइंटर्स में देखें–
1. कहां खड़े हों?
प्रशासन द्वारा तय किए गए बैरिकेड, दर्शक क्षेत्र या सुरक्षित स्थान पर ही खड़े होकर दर्शन करें।
2. कहां बिल्कुल न जाएं?
रथ के बिल्कुल पास, रस्सी खींचने वाले मार्ग और प्रतिबंधित क्षेत्रों में न जाएं।
3. बैरिकेड क्यों पार न करें?
बैरिकेड सुरक्षा के लिए लगाए जाते हैं। इन्हें पार करने से हादसे और भगदड़ का खतरा बढ़ सकता है।
4. भीड़ के बीच क्यों न घुसें?
भीड़ में धक्का-मुक्की, दम घुटने, गिरने या बिछड़ने का जोखिम बढ़ जाता है। इसलिए सुरक्षित दूरी बनाएं।

सवाल- क्या रथ को छूना जरूरी होता है?
जवाब- नहीं। रथ यात्रा में भगवान के दर्शन करना ही सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है। रथ को छूना किसी श्रद्धालु के लिए अनिवार्य नहीं है। भीड़ में सिर्फ रथ को छूने के लिए आगे बढ़ना या धक्का-मुक्की करना खतरनाक हो सकता है।
सवाल- अगर बहुत ज्यादा भीड़ हो जाए तो क्या करें?
जवाब- अगर अचानक भीड़ बढ़ जाए तो घबराएं नहीं। धक्का देने या भीड़ के खिलाफ चलने की कोशिश न करें। सभी जरूरी सावधानियां नीचे ग्राफिक में देखें–

सवाल- कौन-कौन सी चीजें साथ ले जानी चाहिए?
जवाब- रथ यात्रा में लंबा इंतजार, पैदल चलना और भीड़ का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए सिर्फ जरूरी और हल्का सामान ही साथ रखें। पूरी लिस्ट ग्राफिक में देखें–

सवाल- कौन-कौन सी चीजें साथ नहीं ले जानी चाहिए?
जवाब- रथ यात्रा में भीड़ अधिक होती है। इसलिए ऐसा सामान साथ न रखें, जिससे चलने-फिरने में परेशानी हो या सुरक्षा जोखिम बढ़े। डिटेल्स ग्राफिक में देखें–

सवाल- क्या पहनकर जाना सबसे बेहतर रहेगा?
जवाब- रथ यात्रा में भीड़ होती है, मौसम खराब हो सकता है और कई घंटे पैदल चलना पड़ सकता है। इसलिए आरामदायक कपड़े और जूते पहनें। डिटेल्स ग्राफिक में देखें–

सवाल- बच्चों के साथ जा रहे हैं तो क्या सावधानी बरतें?
जवाब- रथ यात्रा में भीड़ के कारण बच्चों के बिछड़ने का खतरा अधिक रहता है। इसलिए उन्हें कभी अकेला न छोड़ें और सुरक्षा के इन 7 नियमों का ध्यान रखें–

सवाल- साथ में बुजुर्ग हों तो किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?
जवाब- बुजुर्गों के लिए रथ यात्रा की भीड़ और लंबी पैदल दूरी थकाने वाली हो सकती है। इसलिए उनकी सेहत और सुविधा का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। डिटेल्स पॉइंटर्स में देखें–
- भीड़ वाले हिस्से में जाने से बचें।
- नियमित दवाइयां साथ रखें।
- पानी और ORS पीते रहें।
- थकान होने पर बीच-बीच में आराम करें।
- आरामदायक जूते पहनें।
- तबीयत बिगड़े तो तुरंत मेडिकल कैंप जाएं।
- यदि हृदय, सांस या अन्य गंभीर बीमारी है, तो डॉक्टर की सलाह लेकर ही यात्रा करें।
सवाल- अगर कोई बिछड़ जाए तो क्या करें?
जवाब- नीचे दिए पॉइंटर्स से समझें-
- घबराने की बजाय शांत रहें और सोच-समझकर कदम उठाएं।
- परिवार के साथ पहले से तय किए गए मीटिंग पॉइंट पर पहुंचें और कुछ समय वहीं इंतजार करें।
- तुरंत नजदीकी पुलिस सहायता केंद्र, हेल्प डेस्क या स्वयंसेवकों को पूरी जानकारी दें।
- अगर मोबाइल नेटवर्क काम नहीं कर रहा है, तो पब्लिक अनाउंसमेंट करवाएं।
- बच्चों, बुजुर्गों या किसी अन्य सदस्य को अकेले खोजने के लिए भीड़ में न भेजें।
- यदि बच्चा बिछड़ गया है, तो उसकी पहचान, कपड़ों का रंग और अन्य जरूरी जानकारी तुरंत पुलिस को बताएं।
- व्यक्ति के मिलने तक पुलिस और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और अफवाहों पर भरोसा न करें।
सवाल- क्या भीड़ में मोबाइल नेटवर्क काम करना बंद कर सकता है? ऐसा हो जाए तो क्या करें?
जवाब- नीचे दिए पॉइंटर्स से समझें-
- भीड़ बढ़ने पर मोबाइल नेटवर्क धीमा पड़ सकता है या कुछ समय के लिए काम करना बंद कर सकता है।
- यात्रा पर निकलने से पहले परिवार के सभी सदस्यों के साथ एक मीटिंग पॉइंट और मिलने का समय तय करें।
- जरूरी फोन नंबर एक कागज पर लिखकर अपने पास रखें, ताकि मोबाइल बंद होने पर भी काम आ सके।
- अगर कॉल न लग रही हो, तो एसएमएस या इंटरनेट मैसेजिंग ऐप से संदेश भेजने की कोशिश करें। कई बार ये पहले काम करने लगते हैं।
- नेटवर्क न मिलने पर पुलिस सहायता केंद्र, हेल्प डेस्क या स्वयंसेवकों से संपर्क करें।
- घबराकर भीड़ में इधर-उधर न भागें। सुरक्षित स्थान पर रहें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
सवाल- रथ यात्रा के दौरान जेबकतरों से कैसे बचें?
जवाब- इसके लिए ये जरूरी सावधानियां बरतें-
- ज्यादा नकदी लेकर या महंगे गहने पहनकर न जाएं।
- मोबाइल, पर्स और अन्य कीमती सामान बैग की आगे की तरफ वाली चेन में रखें।
- बैकपैक या पर्स को पीछे लटकाने के बजाय हमेशा सामने की ओर रखें।
- भीड़ में किसी के धक्का देने, ध्यान भटकाने या अनजान व्यक्ति के ज्यादा करीब आने पर सतर्क हो जाएं।
- मोबाइल को हाथ में लहराने या बार-बार निकालने से बचें।
- अपने सामान की समय-समय पर जांच करते रहें।
- किसी अजनबी को अपना बैग या सामान संभालने के लिए न दें।
- यदि जेब कटने या चोरी होने का पता चले, तो तुरंत नजदीकी पुलिस सहायता केंद्र या हेल्प डेस्क पर इसकी सूचना दें।
सवाल- अगर बारिश हो जाए तो क्या करें?
जवाब- पॉइंटर्स से समझें-
- घबराएं नहीं, किसी सुरक्षित जगह पर रुकने की कोशिश करें।
- फिसलन वाले रास्तों पर धीरे चलें और भीड़ में धक्का-मुक्की से बचें।
- छाता या हल्का रेनकोट साथ रखें, लेकिन भीड़ में बड़ा छाता खोलने से बचें। इससे दूसरों को परेशानी हो सकती है।
- मोबाइल, पहचान पत्र और जरूरी दस्तावेजों को वाटरप्रूफ पाउच में रखें।
- जलभराव वाले रास्तों से बचें और प्रशासन द्वारा तय किए गए सुरक्षित मार्ग का ही इस्तेमाल करें।
- बिजली के खंभों, खुले तारों या पानी भरे इलाकों के पास जाने से बचें।
- मौसम खराब होने पर पुलिस और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें।
सवाल- यात्रा के दौरान खाने-पीने से जुड़ी क्या सावधानी बरतें?
जवाब- पॉइंटर्स में देखें-
- केवल साफ-सुथरी और भरोसेमंद जगह से ही खाना-पीना लें।
- सीलबंद बोतल या सुरक्षित पेयजल ही पिएं और पर्याप्त पानी पीते रहें।
- खुले में रखे कटे फल, बासी या लंबे समय से खुले खाद्य पदार्थ न खाएं।
- बहुत ज्यादा तला-भुना या भारी भोजन न करें।
- जरूरी दवाएं साथ रखें और समय पर लेते रहें।
- बच्चों और बुजुर्गों को समय-समय पर पानी और हल्का नाश्ता दें।
- खाने से पहले हाथ धोएं या हैंड सैनिटाइजर यूज करें।
सवाल- अगर किसी की तबीयत अचानक बिगड़ जाए तो क्या करें?
जवाब- पॉइंटर्स में देखें-
- घबराएं नहीं और मरीज को भीड़ से सुरक्षित जगह पर ले जाएं।
- तुरंत नजदीकी मेडिकल कैंप, एंबुलेंस या हेल्प डेस्क को सूचना दें।
- मरीज को आराम से बिठाएं या लिटाएं और खुली हवा मिलने दें।
- बेहोश व्यक्ति को कुछ भी खाने-पीने के लिए न दें।
- अगर मरीज नियमित दवा लेता है, तो उसकी दवा और मेडिकल जानकारी साथ रखें।
- हालत गंभीर लगे, तो बिना देरी किए स्वास्थ्यकर्मियों की मदद लें।
सवाल- फोटो–वीडियो बनाते समय किन बातों का ध्यान रखें?
जवाब- इन बातों का ध्यान रखें-
- सेल्फी के लिए भीड़ में न रुकें।
- रथ या बैरिकेड के बहुत करीब न जाएं।
- ऊंची जगह पर चढ़कर फोटो न लें।
- चलते-चलते भीड़ में फोटो न खींचें।
- मोबाइल और अन्य सामान संभालकर रखें।
- पुलिस और सुरक्षा कर्मियों के निर्देश मानें।
- पहले सुरक्षा का ध्यान रखें, फिर फोटो-वीडियो बनाएं।
सवाल- भीड़भाड़ में सुरक्षित कैसे रहें?
जवाब- सबसे जरूरी है सुरक्षा के 12 गोल्डन रूल्स का बिना लापरवाही के पालन करना। रूल्स नीचे ग्राफिक में देखें–

रथ यात्रा आस्था और उत्साह का महापर्व है। ऐसे में दर्शन की खुशी तभी पूरी होगी, जब आपकी यात्रा सुरक्षित भी रहे। यात्रा का उद्देश्य सिर्फ रथ के करीब पहुंचना नहीं, बल्कि श्रद्धा के साथ भगवान के दर्शन करना है। इसलिए धैर्य रखें, अनुशासन बनाए रखें और अपनी व दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखें। सुरक्षित यात्रा ही सबसे सफल यात्रा है।
…………………………………
ये खबर भी पढ़ें…
जरूरत की खबर- फिटनेस का नया ट्रेंड ‘रकिंग’:पीठ पर वजन लेकर चलने-दौड़ने के 10 फायदे, न करें ये गलतियां, बरतें 8 जरूरी सावधानियां

फिट रहने के लिए लोग जिम जाते हैं। वॉकिंग, जॉगिंग, रनिंग जैसी एक्सरसाइज करते हैं। इन सब अलग–अलग वर्कआउट के बीच आजकल एक नई फिटनेस एक्टिविटी तेजी से पॉपुलर हो रही है, जिसे ‘रकिंग’ कहते हैं। इसमें व्यक्ति अपनी पीठ पर वजन वाला बैग लेकर चलता या दौड़ता है। पूरी खबर पढ़ें…
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
