महिला एशिया कप 2026 के मुकाबले में पाकिस्तान को बुरी तरह हराने के बाद भारतीय कप्तान हरनमप्रीत कौर ने कहा कि अपने स्तर को ऊंचा रखना बहुत जरूरी होता है और मैं बहुत खुश हूं कि हमने विपक्षी टीम को किसी भी स्तर पर ढील नहीं दी। पाकिस्तान की कप्तान और श्री चरणी ने क्या कहा यह भी पढ़िए।
अपने स्तर को ऊंचा रखना बहुत जरूरी
श्री चरणी, प्रेमा रावत, शेफाली वर्मा और दीप्ति शर्मा की स्पिन चौकड़ी ने पाकिस्तान को महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में उसके अब तक के सबसे कम स्कोर 55 रन पर समेट दिया। भारत ने इसके बाद महज 8.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। हरमनप्रीत ने मैच के बाद पुरस्कार समारोह में कहा, ”यह हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण मुकाबला था। हम आक्रामक रवैया अपनाने की बात करते हैं, इसलिए मैं बहुत खुश हूं। सभी गेंदबाज शानदार रहे। उन्होंने योजनाओं पर अमल किया, पिच को अच्छी तरह पढ़ा और उसी के अनुसार गेंदबाजी की।” उन्होंने कहा, ”अपने स्तर को ऊंचा रखना बहुत जरूरी है। मुझे पता है कि यह टीम क्या कर सकती है। जहां तक तीन विकेट गंवाने की बात है, तो ऐसा हो सकता है। पाकिस्तान के पास अच्छा गेंदबाजी आक्रमण है।”
बतौर कप्तान 150 मैच खेलने पर क्या बोलीं कौर?
पाकिस्तान के खिलाफ हरमनप्रीत ने बतौर कप्तान अपना 150वां टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला और पुरुष एवं महिला क्रिकेट में इस उपलब्धि तक पहुंचने वाली दुनिया की पहली क्रिकेटर बनीं। उन्होंने कहा, ”मैं आभारी हूं। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं यहां तक पहुंचूंगी। (प्रशंसकों से) इसी तरह समर्थन करते रहिए। उम्मीद है कि मैं आगे भी अच्छा काम जारी रखूंगी।” भारत की महिला टीम ने अब तक 228 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिनमें हरमनप्रीत 205 मुकाबलों का हिस्सा रही हैं।
श्री चरणी ने क्या कहा?
चार ओवर में सात रन देकर तीन विकेट लेने वाली युवा स्पिनर श्री चरणी ने अपनी सफलता का श्रेय गेंदबाजी कोच की सलाह को दिया। चरणी ने कहा, ”मैं बस अपनी मजबूती के हिसाब से और क्षेत्ररक्षण के मुताबिक गेंदबाजी करना चाहती थी। मैं गेंद पर ज्यादा रेव्स डालने की कोशिश करती हूं।” टी20 अंतरराष्ट्रीय में 50 विकेट के आंकड़े से एक विकेट दूर चरणी ने कहा कि वह इस उपलब्धि को लेकर ज्यादा उत्साहित होकर रुकने वाली नहीं हैं। उन्होंने कहा, ”यह सामान्य बात है। मैं अपना अच्छा काम जारी रखना चाहती हूं।”
हार के बाद बोलीं पाकिस्तानी कप्तान, आखिरी मैच में अच्छा खेलेंगे
पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने अपनी टीम के खराब प्रदर्शन के बावजूद कहा कि टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला गलत नहीं था, क्योंकि उनकी टीम के पास अच्छा गेंदबाजी आक्रमण था। उन्होंने कहा, ”हमारी पारी में पूरी तरह पतन हो गया। विकेट नई थी और हम अधिक से अधिक रन बनाना चाहते थे, क्योंकि हमारी गेंदबाजी अच्छी है।” फातिमा पाकिस्तान की एकमात्र गेंदबाज रहीं, जिन्होंने प्रभाव छोड़ा और भारत के तीन विकेट जल्दी चटकाए। उन्होंने कहा, ”मेरे तीन विकेट लेने से कोई फर्क नहीं पड़ता। हम अपने आखिरी मुकाबले में अच्छी क्रिकेट खेलने की कोशिश करेंगे।”
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.