सफेद चीनी हम सभी के घरों में इस्तेमाल होती है, लेकिन अगर आप वेजिटेरियन हैं तो ये खबर आपके बड़े काम की है। दरअसल रिफाइंड शुगर बनाते हुए कई जगह बोन चार का इस्तेमाल किया जाता है, ऐसे में आपकी चीनी वेज है या नॉन वेज, ऐसे पता लगाएं।
क्या चीनी पूरी तरह शाकाहारी नहीं है?
अमूमन लोगों को लगता है कि चीनी तो गन्ने से बनाई जाती है, इसलिए ये पूरी तरह शाकाहारी हुई। लेकिन ये अधूरा सच है। दरअसल गन्ने से चीनी बनाने के बाद रिफाइनिंग की प्रक्रिया शुरू होती है, जिसमें चीनी को सफेद और चमकदार बनाने के लिए जानवरों की हड्डियों से बनने वाले बोन चार (Bone Char) के साथ मिक्स किया जाता है। ये प्रक्रिया रिफाइंड शुगर बनाने के लिए की जाती है, जिसे आमतौर पर हमारे घरों में इस्तेमाल किया जाता है। यही वजह है कि कई लोग चीनी को पूरी तरह से शाकाहारी नहीं मानते हैं।
क्या हर सफेद चीनी में मिलाया जाता बोन चार?
जरूरी नहीं है कि रिफाइंड शुगर बनाने के लिए हर बार बोन चार का इस्तेमाल किया जाए। आजकल तो आर्गनिक और वीगन उत्पादों की मांग बढ़ी है, ऐसे में शुद्ध शाकाहारी चीनी मिलना भी आसान हो गया है। प्रोडक्ट्स पर वीगन या बोन चार फ्री रिफाइनिंग का लोगो देखकर आप वेजिटेरियन चीनी आराम से खरीद सकते हैं।
भारत में किस तरह बनती है रिफाइंड शुगर?
कुछ रिपोर्ट्स की मानें तो भारत की रिफाइनरियों में बनने वाली ज्यादातर चीनी वीगन होती है। यानी इसे बनाने के लिए जानवरों की हड्डियों से बनने वाले बोन चार का इस्तेमाल नहीं होता है। चीनी को छानने और उसका रंग हटाने के लिए बोन चार के अलावा एक्टिवेटेड कार्बन (लकड़ी, कोयला), ग्रेन्यूलर कार्बन और कई अन्य तकनीकों का इस्तेमाल भी होता है। भारत में ज्यादातर चीनी की निर्माता सल्फर डाइऑक्साइड का इस्तेमाल कर के चीनी को रिफाइन करते हैं।
वेजिटेरियन हैं तो कैसे खरीदें चीनी
अगर आप वेजिटेरियन हैं, तो चीनी खरीदते समय कुछ बातों का ध्यान रख सकते हैं। सबसे पहले तो चीनी के पैकेट पर लेबल चेक करें। अगर 100% वीगन या बोन चार रिफाइनिंग फ्री जैसी जानकारी दी हो, तो आराम से आप उस चीनी को खरीद सकते हैं। खुली चीनी लेने से बचें, क्योंकि उसके बारे में कोई ठोस जानकारी पता नहीं होती है। वहीं आप चीनी के अलावा गुड़, खजूर, डेट शुगर, मॉन्क फ्रूट एक्सट्रेक्ट जैसी अन्य विकल्पों का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.