मानव संसाधन और टोल प्लाजा प्रबंधन सेवाएं देने वाली कंपनी इनोविजन लिमिटेड ने बृहस्पतिवार को अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) की अंतिम तारीख 17 मार्च तक बढ़ा दी है। निवेशकों की ओर से सुस्त प्रतिक्रिया मिलने के बाद कंपनी ने निर्गम के लिए कीमत के दायरे में भी कटौती की है।
पिछले कार्यक्रम के अनुसार आईपीओ 10 मार्च को खुलकर 12 मार्च को बंद होने वाला था।
शेयर बाजार को दी जानकारी के मुताबिक, कंपनी ने अब मूल्य दायरे को घटाकर 494-519 रुपये प्रति शेयर कर दिया है, जो पहले 521-548 रुपये प्रति शेयर था।
बोली के लिए कीमत का नया दायरा 13 मार्च से प्रभावी होगा। निर्गम के पहले तीन दिन के दौरान निवेशकों की भागीदारी काफी कम रही।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के आंकड़ों के मुताबिक, तीसरे दिन तक आईपीओ को कुल मिलाकर केवल 32 प्रतिशत अभिदान मिला था।
पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) के लिए आरक्षित हिस्सा 99 प्रतिशत भरा, जबकि गैर-संस्थागत निवेशकों की श्रेणी में 36 प्रतिशत अभिदान मिला। खुदरा निवेशक खंड में मांग सबसे कमजोर रही, जहां केवल 28 प्रतिशत अभिदान मिला।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.