(तस्वीरों के साथ)
… जी उन्नीकृष्णन ….
तिरुवनंतपुरम, 28 सितंबर विराट कोहली, शुभमन गिल और कुलदीप यादव के शानदार प्रदर्शन के आगे प्रसिद्ध कृष्णा के 10 ओवर में 60 रन देकर दो विकेट के प्रदर्शन को शायद ज्यादा तवज्जो नहीं मिली लेकिन रविवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में उनकी गेंदबाजी ने यह जरूर दिखाया कि वह विपरीत परिस्थितियों में भी टीम के लिए पूरी ताकत झोंकने को तैयार हैं। वेस्टइंडीज ने 14वें ओवर में बिना किसी नुकसान के 100 रन पूरे कर लिए थे और टीम बड़े स्कोर की ओर बढ़ती दिख रही थी। भारतीय गेंदबाजों ने हालांकि शानदार वापसी करते हुए कैरेबियाई टीम को सात विकेट पर 295 रन के स्कोर तक सीमित कर दिया।
भारत ने विराट कोहली की नाबाद 139 रन और कप्तान शुभमन गिल की 110 रन की शतकीय पारियों के दम पर 42वें ओवर में ही आठ विकेट से जीत दर्ज कर ली। प्रसिद्ध ने कहा कि पिच पर हार्ड लेंथ (गेंद को ऐसी जगह टप्पा दिलाना कि बल्लेबाज यह तय न कर सके कि आगे बढ़कर खेले या पीछे हटकर) उनकी गेंदबाजी की प्रमुख ताकत रही है और पिछले कुछ समय से वह अपनी लेंथ को बेहतर करने पर काम कर रहे हैं। उन्होंने मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा, “हार्ड लेंथ ऐसी चीज है, जिस पर मैं पूरी जिंदगी गेंदबाजी करता आया हूं।
मैं थोड़ा ज्यादा शॉर्ट गेंदबाजी कर रहा था और काफी समय से इस पर काम कर रहा हूं। जब आपको पता हो कि मैदान पर उतरकर क्या करना है और टीम के भीतर भी स्पष्टता हो, तो आपके लिए अपनी भूमिका निभाना आसान हो जाता है।”
कर्नाटक के इस गेंदबाज ने केसी कार्टी और रोस्टन चेज को आउट किया। कुलदीप यादव (40 रन पर चार विकेट) के लगातार प्रहारों के बीच इन विकेटों ने वेस्टइंडीज की पारी पर और दबाव बढ़ा दिया।
उन्होंने कहा, “टीम के अंदर लगातार संवाद होता रहता है और यही चीज मुझे बेहतर गेंदबाजी करने में मदद करती है।”
प्रसिद्ध के इस प्रदर्शन का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है क्योंकि प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह एशियाई खेलों के लिए जापान में हैं। वहीं, मोहम्मद सिराज की मौजूदा फॉर्म को देखते हुए टीम प्रबंधन ने उन्हें अंतिम एकादश में शामिल नहीं किया। ऐसे में प्रसिद्ध को नितीश कुमार रेड्डी और महज सात वनडे का अनुभव रखने वाले गुरनूर बराड़ के साथ तेज गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी संभालनी पड़ी।
अपना 29वां वनडे खेलने वाले प्रसिद्ध अचानक इस युवा तेज गेंदबाजी समूह के सबसे अनुभवी सदस्य बन गए। उन्होंने इस जिम्मेदारी का आनंद लिया। इस 30 वर्षीय गेंदबाज ने कहा, “गुरनूर के साथ मेरा अच्छा तालमेल है।
हम दोनों गुजरात टाइटंस के लिए करीब दो साल साथ खेल चुके हैं। एक-दूसरे की ताकत और कमजोरियों को जानना दबाव के समय काफी मददगार साबित होता है और मैदान पर बातचीत के जरिए हम एक-दूसरे का आत्मविश्वास बढ़ाते हैं।”
प्रसिद्ध ने कोहली और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुने गए बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप के प्रदर्शन की भी जमकर सराहना की। उन्होंने कहा, “डगआउट में बैठे खिलाड़ी उस समय सोच रहे थे कि कोहली को आखिर गेंदबाजी कैसे की जाए।
कोहली बेहद शानदार तरीके से गेंद को हिट कर रहे थे और उनके जैसे खिलाड़ी को इस अंदाज में बल्लेबाजी करते देखना अविश्वसनीय अनुभव था।”
उन्होंने कहा, “सभी जानते हैं कि कुलदीप क्या कर सकते हैं और उनकी मेहनत का इस तरह परिणाम मिलना पूरी टीम के लिए खुशी की बात है। उन्होंने हाल में इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट और वनडे मैच भी खेले हैं तथा वह लगातार अपनी गेंदबाजी पर मेहनत कर रहे हैं। कुलदीप के प्रदर्शन से पूरी टीम बेहद खुश है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.