(हरिंदर मिश्रा)
यरूशलम, 16 अगस्त इज़राइल में भारतीय समुदाय ने जाफा के सेंट एंथनी गिरजाघर में भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में एक बड़े सामुदायिक कार्यक्रम का आयोजन करके देश के साथ अपने गहरे जुड़ाव को दर्शाया। शनिवार को गिरजाघर में कोंकणी समुदाय द्वारा आयोजित एक समारोह में भारतीय कोंकणी समुदाय के लोगों ने कन्नड़, कोंकणी, गोअन और हिंदी भाषाओं में शानदार गायन और नृत्य प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों ने समुदाय की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और भारत के साथ उनके गहरे जुड़ाव को दिखाया, जिससे स्वतंत्रता दिवस का जश्न और भी रंगीन और उत्साहपूर्ण हो गया।
भारत ने 15 अगस्त को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया। इजराइल में भारत के राजदूत जे.पी. सिंह ने फादर संतोष लोबो और गिरजाघर समुदाय के अन्य प्रमुख सदस्यों के साथ इस समारोह में हिस्सा लिया। सिंह ने लोगों को संबोधित करते हुए भारत-इजराइल संबंधों को मजबूत करने में प्रवासी समुदाय की भूमिका पर जोर दिया और प्रवासी समुदाय को दोनों देशों के बीच ‘एक जीवंत सेतु’ बताया।
बताया जा रहा है कि इजराइली अर्थव्यवस्था के विभिन्न क्षेत्रों में 40,000 से अधिक भारतीय काम कर रहे हैं। रिपोर्टों के अनुसार, बड़ी संख्या में अन्य भारतीय भी वहां के कार्यबल में शामिल होने का इंतजार कर रहे हैं। इजराइल में भारतीय गोरखा समुदाय के सदस्यों ने भी गर्व और एकजुटता के साथ 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया।
कार्यक्रम में प्रथम सचिव गरिका तेजेश्वर ने तिरंगा फहराया और इजराइल में काम कर रहे भारतीय देखभाल कर्मियों के उल्लेखनीय कार्य की सराहना की।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.