तेज गेंदबाजों नितीश कुमार रेड्डी और अर्शदीप सिंह की अगुआई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से भारत ने दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में मंगलवार को यहां अफगानिस्तान को आठ विकेट पर 159 रन के स्कोर पर रोक दिया। रेड्डी (24 रन पर तीन विकेट) और अर्शदीप (35 रन पर दो विकेट) ने अफगानिस्तान को नियमित अंतराल पर झटके दिए। अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह और रवि बिश्नोई ने भी एक-एक विकेट चटकाया।
अफगानिस्तान की ओर से कप्तान इब्राहिम जादरान ने सर्वाधिक 37 रन बनाए। राशिद खान (28) और मोहम्मद नबी (20) ने सातवें विकेट के लिए 48 रन जोड़कर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। दारविश रसूली (26) ने भी उपयोगी पारी खेली।
भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और अर्शदीप ने दूसरे ओवर में ही रहमानुल्लाह गुरबाज (00) को मिड ऑन पर रवि बिश्नोई के हाथों कैच करा दिया जबकि टीम के रनों का खाता भी नहीं खुला था। सलामी बल्लेबाज जादरान ने जसप्रीत बुमराह पर लगातार दो चौके मारे और फिर अर्शदीप पर भी लगातार दो चौके जड़े। सेदिकुल्लाह अटल ने भी अर्शदीप पर चौका जड़ा।
जादरान ने स्पिनरों अक्षर पटेल और बिश्नोई का स्वागत चौकों के साथ किया। अफगानिस्तान ने पावर प्ले में एक विकेट पर 41 रन बनाए। अक्षर और बिश्नोई ने रन गति पर अंकुश लगाया जिसका फायदा रेड्डी को मिला जिन्होंने अपनी पहली ही गेंद पर जादरान को डीप मिडविकेट पर बिश्नोई के हाथों कैच करा दिया।
उन्होंने 33 गेंद का सामना करते हुए छह चौके मारे। सेदिकुल्लाह (12) भी इसके बाद बिश्नोई की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में लॉन्ग ऑफ पर तिलक वर्मा को आसान कैच दे बैठे जिससे 10वें ओवर में टीम का स्कोर तीन विकेट पर 59 रन हो गया
गुलबदिन नायब भी आठ गेंद में 10 रन बनाने के बाद रेड्डी की गेंद को हवा में लहराकर विकेटकीपर संजू सैमसन को आसान कैच दे बैठे। अजमतुल्लाह उमरजई पांच रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब अक्षर की गेंद पर बिश्नोई ने उनका कैच टपका दिया।
रसूली ने शिवम दुबे का स्वागत छक्के के साथ किया और फिर अक्षर की गेंद को भी दर्शकों के बीच पहुंचाया लेकिन अर्शदीप की गेंद को लॉन्ग ऑफ पर तिलक के हाथों में खेल बैठे। अजमतुल्लाह (11) भी अक्षर की गेंद पर तिलक को कैच थमा बैठे। अफगानिस्तान के रनों का शतक 14वें ओवर में पूरा हुआ।
नबी ने बिश्नोई की लगातार गेंदों पर चौका और छक्का मारा। राशिद ने बुमराह की गेंद को बाउंड्री के दर्शन कराने के बाद अर्शदीप पर दो चौके और एक छक्का मारा। नबी ने बुमराह पर चौका मारा लेकिन फिर अय्यर को कैच दे बैठे जबकि रेड्डी ने अंतिम ओवर में राशिद को आउट किया।
राशिद ने 16 गेंद का सामना करते हुए तीन चौके और एक छक्का मारा।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.