अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को टेस्ट और वनडे टीम से आराम दिया गया है। वनडे टीम में विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन की वापसी हुई है। वहीं, मानव सुथार, गुरनूर बरार और हर्ष दुबे को पहली बार भारतीय टीम में जगह मिली है। अफगानिस्तान की टीम 6 जून से भारत दौरे पर आएगी, जहां दोनों टीमों के बीच एक टेस्ट और 3 वनडे मुकाबले खेले जाएंगे। वनडे मैच धर्मशाला, लखनऊ और चेन्नई में 14, 17 और 20 जून को होंगे। बुमराह और जडेजा को टेस्ट से आराम वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा को टेस्ट टीम से आराम दिया गया है। ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल विकेटकीपर चुने गए हैं। देवदत्त पडिक्कल की नंबर-3 पर वापसी हुई है। उनके साथ साई सुदर्शन भी हैं। पडिक्कल दो टेस्ट खेल चुके हैं। उन्होंने आखिरी टेस्ट 2024 में पर्थ में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। ईशान की 3 साल बाद वनडे टीम में वापसी विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन की 3 साल बाद भारतीय वनडे टीम में वापसी हुई है। उन्होंने आखिरी वनडे मुकाबला 11 अक्टूबर 2023 को अफगानिस्तान के खिलाफ दिल्ली में खेला था। ईशान ने भारत के लिए अब तक 27 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें 42.40 की औसत और 102.19 के स्ट्राइक रेट से 933 रन बनाए हैं। ईशान के नाम वनडे में एक दोहरा शतक और 7 अर्धशतक भी दर्ज हैं। गुरनूर, सुथार और हर्ष को पहली बार टेस्ट टीम में मौका अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के लिए भारतीय टीम में गुरनूर बरार, मानव सुथार और हर्ष दुबे को पहली बार शामिल किया गया है। तीनों खिलाड़ियों ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के दम पर टीम इंडिया में जगह बनाई। पंजाब के तेज गेंदबाज गुरनूर बरार ने 2024-25 रणजी ट्रॉफी सीजन में 7 मैचों में 26 विकेट लेकर सबसे ज्यादा विकेट लिए थे। 6 फीट 4 इंच लंबे गुरनूर अपनी अतिरिक्त उछाल और तेज गति के लिए जाने जाते हैं। IPL में वह गुजरात टाइटंस का हिस्सा हैं। राजस्थान के लेफ्ट आर्म स्पिनर मानव सुथार घरेलू क्रिकेट में लगातार प्रभावशाली रहे हैं। 2022-23 रणजी ट्रॉफी में उन्होंने 39 विकेट लेकर राजस्थान के सबसे सफल गेंदबाज का रिकॉर्ड बनाया था। वह इंडिया-ए टीम का भी हिस्सा रह चुके हैं और IPL में गुजरात टाइटंस से जुड़े हैं। वहीं, विदर्भ के ऑलराउंडर हर्ष दुबे ने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। बाएं हाथ के स्पिनर हर्ष ने घरेलू रेड-बॉल क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया और IPL में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हुए चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा। भारतीय टेस्ट टीम शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, ऋषभ पंत, देवदत्त पडिक्कल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे और ध्रुव जुरेल। भारतीय वनडे टीम शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल, अर्शदीप सिंह, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बरार और हर्ष दुबे।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.