कृष्णमाचारी श्रीकांत ने सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की फॉर्म को लेकर सवाल उठाए हैं। अभिषेक का जिम्बाब्वे में दूसरे टी20 में भी बल्ला नहीं चला। उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद सिर्फ एक अर्धशतक जमाया है।
सैमसन ने WC के बाद चार मैच खेले
सैमसन जिम्बाब्वे सीरीज के लिए भारतीय स्क्वॉड का हिस्सा नहीं हैं। सैमसन को आयरलैंड और इंग्लैंड में पहले टी20 में फ्लॉप होने के बाद भारतीय इलेवन से बाहर कर दिया गया था। उनकी जगह वैभव सूर्यवंशी को बतौर ओपनर आजमाया गया। 15 वर्षीय सूर्यवंशी इंग्लैंड में लगातार तीन मैचों में सस्ते में आउट हुए। उसके बाद पांचवें टी20 में सैमसन को फिर इलेवन में शामिल किया गया था। सैमसन ने भारत को वर्ल्ड कप जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। वह प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट थे। सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप के बाद से केवल चार मैच खेले हैं, जिसमें तीन बार दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके। श्रीकांत ने अभिषेक को थोड़ा संभलकर बैटिंग करने की सलाह दी है।
‘अभिषेक ऐसा खिलाड़ी है जो हमेशा…’
भारत ने दूसरे टी20 में 219/5 का स्कोर खड़ा करने के बाद जिम्बाब्वे को 90 रनों से रौंदा। मैच के बाद श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ”मुझे अभिषेक शर्मा की चिंता है। मुझे नहीं पता कि अचानक उसके साथ क्या हो रहा है। मुझे उम्मीद है कि वह अच्छा करेगा। उसे रन बनाने का कोई और तरीका ढूंढना होगा। या दूसरा तरीका शायद कुछ गेंदों के लिए शांत रहना है। वह ऐसा खिलाड़ी है जो हमेशा वापसी कर सकता है। आप कुछ समय के लिए 100 स्ट्राइक रेट से खेलते हैं और फिर इसे 200 तक ले जाते हैं, न कि इसे गंवा देते हैं।”
एक खिलाड़ी के साथ ऐसा क्यों हो रहा?
पूर्व चीफ सिलेक्टर ने आगे कहा, ”वर्ल्ड कप के बाद से कुछ पारियों को छोड़कर अभिषेक का इंटरनेशनल ट्रैक रिकॉर्ड बहुत अच्छा नहीं रहा है। सैमसन वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट थे। उन्हें मौका क्यों नहीं मिलता, और अभिषेक को ऐसे मौके मिलते हैं? यह बहुत वाजिब सवाल है। अभिषेक को लगातार मौके मिल रहे हैं लेकिन सैमसन को क्यों नहीं? एक खिलाड़ी के साथ ऐसा क्यों हो रहा है और दूसरे के साथ क्यों नहीं?” भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना रखी है। सीरीज का आखिरी मैच रविवार को हरारे में आयोजित होगा।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.