जसप्रीत बुमराह अगले सप्ताह से बॉलिंग प्रैक्टिस शुरू कर सकते हैं। तेज गेंदबाज को इंग्लैंड सीरीज में चोट लगी थी लेकिन वह श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए चुने गए हैं और पहले टेस्ट के लिए फिट हो सकते हैं।
जल्द शुरू करेंगे प्रैक्टिस
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और शीर्ष क्रम के बल्लेबाज बी साई सुदर्शन को भी 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है, लेकिन उनकी उपलब्धता बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से फिटनेस मंजूरी मिलने पर निर्भर है। टाइम्स ऑफ इंडिया में आई रिपोर्ट के मुताबिक भारत के श्रीलंका दौरे से पहले बुमराह पूरी तरह से फिट होने के लिए एहतियात बरत रहे हैं। बुमराह धीरे धीरे अपने बॉलिंग वर्कलोड को बढ़ाना शुरू करेंगे। भारतीय मेडिकल टीम को विश्वास है कि वह पहले टेस्ट के लिए फिट होंगे।
बुमराह को फिट होना चाहिए
बीसीसीआई के एक सूत्र ने टीओआई को बताया, ”बुमराह इस हफ्ते बॉलिंग शुरू करेंगे और उनका वर्कलोड धीरे-धीरे बढ़ाया जाएगा। उन्हें फिर से लंबे स्पेल गेंदबाजी करने की आदत डालने की जरूरत है। सीओई की मेडिकल टीम इस पर करीब से नजर रखेगी और शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार वह पहले टेस्ट से खेलने के लिए फिट होना चाहिए।”
उन्होंने आगे कहा, ”भारत के लिए ये दोनों टेस्ट मैच बहुत महत्वपूर्ण हैं। यहां एक भी टेस्ट हारने से अगले साल विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए क्वालीफाई करने पर टीम पर भारी दबाव पड़ जाएगा। इसीलिए टीम मैनेजमेंट चाहती है कि बुमराह सीरीज के लिए बेहतरीन फॉर्म में उपलब्ध रहें।” भारत विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के तहत श्रीलंका दौरे पर दो टेस्ट मैच खेलेगा। पहला टेस्ट 15 से 19 अगस्त तक गॉल में खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो में होगा।
श्रीलंका दौरा दक्षिण अफ्रीका से नवंबर में घरेलू मैदान पर 2-0 से मिली हार के बाद मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में भारत की पहली टेस्ट सीरीज होगी। उससे पहले भारत ने इंग्लैंड में पांच टेस्ट मैचों की सीरीज 2-2 से ड्रॉ कराई थी और घरेलू मैदान पर वेस्टइंडीज को 2-0 से हराया था। फ़िलहाल डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में भारत पांचवें, जबकि श्रीलंका छठे स्थान पर है।
श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, के एल राहुल (उप कप्तान), साई सुदर्शन*, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), देवदत्त पड़िक्कल, रवींद्र जडेजा, सारांश जैन, कुलदीप यादव, मानव सुथार, जसप्रीत बुमराह*, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.