देवदत्त पडिक्कल श्रीलंका के खिलाफ तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 150 से अधिक रन बनाने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। वह राहुल द्रविड़ और चेतेश्वर पुजारा के क्लब में शामिल हुए।
देवदत्त पडिक्कल ने बनाए 167 रन
रविवार को गॉल टेस्ट के दूसरे दिन बारिश और गीली आउटफील्ड के कारण मैच देरी से शुरू हुआ। खिलाड़ियों को लंबा इंतजार करना पड़ा। देवदत्त पडिक्कल ने मैच के दूसरे दिन 150 रन पूरे किए और इसके साथ ही वह राहुल द्रविड़ और चेतेश्वर पुजारा के खास क्लब में शामिल हो गए। श्रीलंका के खिलाफ तीसरे नंबर पर बैटिंग करते हुए 150 से अधिक रन बनाने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले राहुल द्रविड़ ने अहमदाबाद में 2009 में खेले गए टेस्ट मैच में 177 रन बनाए थे। वहीं चेतेश्वर पुजारा ने गॉल में 2017 में 153 रन की पारी खेली थी।
शानदार फॉर्म से गुजर रहे देवदत्त पडिक्कल ने रविवार को दोहरा शतक लगाने का मौका गंवा दिया। उन्होंने 230 गेंदों में 167 रन बनाए। अपनी पारी के दौरान उन्होंने 15 चौके और एक छक्का लगाया।
पंत और राहुल ने गंवाया विकेट
बीते दिन के स्कोर 27 रन के स्कोर से आगे खेलने उतरे ऋषभ पंत आज क्रीज पर आने के बाद कुछ असहज दिखे। वह ऑफ स्पिनर केशरा नुवांथा (133 रन पर दो विकेट) के खिलाफ संघर्ष करते दिखे। नुवांथा ने भारत के आक्रमक बल्लेबाजों के खिलाफ फालाइटेड गेंद का अच्छा इस्तेमाल किया। ऐसी ही एक गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में पंत 39 रन बनाकर मिडऑफ पर सोनल दिनूषा को कैच दे बैठे। शनिवार को ऐंठन के कारण 77 रन पर रिटायर हर्ट हुए लोकेश राहुल केवल चार रन जोड़कर नुवांथा की गेंद के टर्न और उछाल को समझने में नाकाम रहे और शॉर्ट लेग पर निशान मधुशंका को आसान कैच थमा दिया।
महज 12 रन के भीतर पंत और राहुल जैसे दो बड़े विकेट हासिल करने से श्रीलंकाई गेंदबाजों का आत्मविश्वास बढ़ा, लेकिन वे पडिक्कल को परेशान नहीं कर सके। कर्नाटक के इस खिलाड़ी ने दिन की शुरुआत 131 रन से की थी। उन्होंने तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो की गेंद पर चौका लगाकर 215 गेंदों में 150 रन का आंकड़ा छुआ। पडिक्कल और ध्रुव जुरेल ने पांचवें विकेट के लिए 38 रन जोड़े।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.