2024 के बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी कर रहे देवदत्त पडिक्कल 131 रन बनाकर खेल रहे हैं। उन्होंने अपने टेस्ट करियर का पहला शतक लगाया है। इस शतक के बाद 26 वर्षीय बल्लेबाज ने अपनी पारी को लेकर बात की है। टीम इंडिया में वापसी के सफर पर काफी इमोशनल दिखे।
भारतीय टीम से बाहर होने के बाद का सफर आसान नहीं रहा
देवदत्त पडिक्कल ने अपना आखिरी टेस्ट मैच टीम इंडिया के लिए पर्थ में साल 2024 के अंत में खेला था। यह वही टेस्ट मैच था जिसमें विराट कोहली ने अपने टेस्ट करियर का आखिरी शतक लगाया था। टीम इंडिया से डेढ़ साल से भी अधिक समय तक बाहर रहने के बाद जब देवदत्त पडिक्कल ने दमदार वापसी की तब उन्होंने अपने विचार कुछ इस तरह साझा किए। उन्होंने कहा “मेरे लिए धैर्य का मतलब उस अनुभव से जुड़ा है जो मैंने इस मैच से पहले हासिल किया। मुझे लगता है कि मेरा पिछला टेस्ट 2024 में था। इसलिए, मुझे लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा और बाहर से खेल को देखना पड़ा। यह कभी आसान नहीं होता। लेकिन साथ ही, इससे मुझे अपने खेल पर काम करने और उन चीजों को बेहतर बनाने का समय मिला जिनमें सुधार की जरूरत थी। और मुझे बहुत खुशी है कि उस कड़ी मेहनत का आज अच्छा नतीजा मिला। बहुत अच्छा लग रहा है।”
शतक के करीब पहुंचने के अपने नर्वसनेस के बारे में बात करते हुए बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने कहा “जब मैं शतक के करीब पहुंचा तो थोड़ा नर्वस था, लेकिन मुझे लगता है कि यह खेल का ही एक हिस्सा है और मुझे खुशी है कि मैं उस घबराहट से उबर पाया। खासकर इस मैदान पर। मुझे याद है कि जब हम इंडिया के साथ यहां आए थे, तब भी मैंने कुछ रन बनाए थे और वॉर्म-अप मैच में भी मैंने रन बनाए थे। मुझे लगता है कि यह जगह मेरे लिए बहुत खास है और मैं खुश हूं कि मेरा अच्छा प्रदर्शन जारी रहा।”
पडिक्कल ने डोमेस्टिक और IPL में भी किया है अच्छा प्रदर्शन
बता दें कि देवदत्त पडिक्कल को टीम इंडिया में साई सुदर्शन के चोटिल होने के बाद नंबर-3 पर खेलने को जगह मिली है। भारत और श्रीलंका के बीच तीन दिवसीय अभ्यास मैच खेला गया था उसमें भी उन्होंने शतकीय पारी खेली थी। विजय हजारे ट्रॉफी और रणजी ट्रॉफी जैसे घरेलू क्रिकेट टूर्नामेंट में भी पडिक्कल ने शानदार बल्लेबाजी की है। आईपीएल में आरसीबी को दोबारा चैंपियन बनाने में पडिक्कल का अहम योगदान रहा। उन्होंने अपनी बल्लेबाजी की लय श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में भी बरकरार रखी है। यशस्वी जायसवाल के 47 के टीम स्कोर पर रन आउट हो जाने के बाद उन्होंने केएल राहुल के साथ 150 रनों की साझेदारी की। उनकी ऋषभ पंत के साथ भी अर्धशतकीय साझेदारी हो गई है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.