श्रीलंका महिला टीम ने पहले टी20 मैच में पाकिस्तान महिला टीम को 6 विकेट से हराया। इस मैच में दमदार पारी खेलते हुए इमेशा दुलानी टी20 अंतरराष्ट्रीय में शतक बनाने वाली दूसरी श्रीलंकाई महिला क्रिकेटर बनीं।
शतक लगाने वाली दूसरी श्रीलंका खिलाड़ी
श्रीलंका के लिए टी20 इंटरनेशनल में सबसे पहला शतक लगाने का रिकॉर्ड अनुभवी चामरी अटापट्टू के नाम है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2019 में शतक लगाया था। इस मैच में उन्होंने 66 गेंद में 113 रन बनाए। 7 साल बाद इमेशा दुलानी ने इस खास क्लब में अपनी जगह बना ली है। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 64 मैचों में 101 रन बनाए। वह नाबाद लौटीं।
श्रीलंका ने टॉस जीतकर पाकिस्तान को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया। बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की महिला टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 176 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। शवाल ज़ुल्फिकार ने सर्वाधिक (61) रनों की पारी खेली। कप्तान मुनीबा अली ने (42), इमान नसीर (21), आयशा जफर ने (17) और सायरा जबीन ने (13) रनों का योगदान दिया। श्रीलंका की ओर से कविशा दिलहारी ने दो विकेट लिये। काव्या कविंदी, सुगंधिका कुमारी और चामुदी प्रबोदा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
श्रीलंका ने पाकिस्तान को हराया
इसके बाद 177 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की महिला टीम ने 19 ओवरों में चार विकेट पर 177 रन बनाकर मुकाबला छह विकेट से अपने नाम कर लिया। इमेशा दुलानी और कप्तान चामरी अटापट्टू की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट लिए 78 रन जोड़कर श्रीलंका को अच्छी शुरुआत दिलाई। आठवें ओवर की पहली गेंद पर नाश्रा संधु ने चामरी अटापट्टू 22 गेंदों में (39) रन को आउट कर पाकिस्तान को पहली सफलता दिलाई।
इसके बाद विशमी गुणरत्ने (तीन), हर्षिता समरविक्रमा (सात), कविशा दिलहारी (11) रन बनाकर आउट हुई। इस दौरान इमेशा दुलानी एक छोर थामे रन बनाती रही और उन्होंने अपना शतक पूरा किया। 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर दुलानी ने एक रन लेकर अपनी टीम को जीत दिलाई। दुलानी ने 64 गेंदों में 17 चौके और एक छक्का लगाते हुए (नाबाद 101) रनों की मैच विजयी पारी खेली। पाकिस्तान की ओर से नाश्रा संधु ने दो विकेट लिये। हुमना बिलाल, उम्म-ए-हानी ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.