आईसीसी ने गुरुवार को घोषणा की है कि 2027 वनडे विश्व कप की मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया के बारह स्टेडियम करेंगे। अफ्रीका के 8, जिम्बाब्वे के तीन और नामीबिया के एक मैदान पर मुकाबले आयोजित होंगे।
दक्षिण अफ्रीका के 8 मैदानों को मिलेगी मेजबानी
इस मौके पर दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज क्रिकेटर ग्रीम स्मिथ, मखाया एनटिनी, हाशिम अमला, तेम्बा बावुमा और कागिसो रबाडा के अलावा जिम्बाब्वे के हैमिल्टन मासकाद्जा और नामीबिया के रुडोल्फ जानसेन वान वुरेन भी मौजूद थे। दक्षिण अफ्रीका के आठ मैदान वांडरर्स स्टेडियम (जोहानिसबर्ग), सुपरस्पोर्ट पार्क, सेंचुरियन (श्वाने), न्यूलैंड्स क्रिकेट ग्राउंड (केपटाउन), किंग्समीड क्रिकेट ग्राउंड (डरबन), सेंट जॉर्ज पार्क (गकेबेर्हा), मंगाउंग ओवल (ब्लोमफोंटेन), बोलैंड पार्क (पार्ल) और बफेलो पार्क (कुगोम्पो सिटी) हैं।
जिम्बाब्वे के तीन मैदान हरारे स्पोर्ट्स क्लब (हरारे), क्वींस स्पोर्ट्स क्लब (बुलावायो) और नव-निर्मित फाले मोसी-ओआ-टुन्या अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम (विक्टोरिया फॉल्स) हैं। नामीबिया में मैच नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड (विंडहोक) में खेले जाएंगे। इससे पहले 2003 में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और केन्या ने आठवें पुरुष क्रिकेट विश्व कप की मेजबानी की थी।
आईसीसी अध्यक्ष जय शाह का बयान
आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने कहा, ”24 वर्षों बाद इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की अफ्रीका में वापसी क्रिकेट के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। हमें पूरा विश्वास है कि दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया मिलकर एक यादगार आयोजन करेंगे जो इस क्षेत्र के जुनून और सांस्कृतिक विविधता को दुनिया के सामने प्रस्तुत करेगा। ” आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2027 में 57 मुकाबले खेले जाएंगे। टूर्नामेंट में अधिक प्रतिस्पर्धा और रोमांच लाने के लिए तीन चरणों वाला नया प्रारूप अपनाया गया है।
वनडे विश्व कप 2027 का फॉर्मेट
सबसे पहले सुपर सीरीज खेली जाएगी, जिसमें रैंकिंग में 12वें से 14वें स्थान पर रहने वाली तीन टीम राउंड-रॉबिन प्रारूप में आमने-सामने होंगी। इसमें विजेता टीम अगले चरण में पहुंचेगी। इसके बाद 12 टीम के बीच 30 मैच का चरण होगा। देशों की टीम को छह-छह टीम के दो ग्रुप में बांटा जाएगा और दोनों ग्रुप में राउंड-रॉबिन आधार पर मुकाबले होंगे। प्रत्येक ग्रुप की शीर्ष तीन टीमें, साथ ही दोनों ग्रुप में चौथे स्थान पर रहने वाली टीम में से बेहतर प्रदर्शन करने वाली एक टीम सुपर-7 चरण में पहुंचेगी। सुपर-7 चरण में कुल 21 राउंड-रॉबिन मैच खेले जाएंगे। इसके बाद शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। सेमीफाइनल में सुपर-7 में शीर्ष पर रहने वाली टीम का मुकाबला चौथे स्थान की टीम से होगा जबकि दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमें दूसरे सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगी।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.