घी से मक्खन बनाने का तरीका तो आपने सुना होगा, लेकिन क्या आपने कभी घी में बर्फ डालकर सिर्फ दो मिनट में मक्खन बनाने का हैक देखा है? मैंने भी इस वायरल तरीके को अपनी रसोई में ट्राई किया।
आमतौर पर घर पर मक्खन से घी बनाया जाता है, लेकिन सोशल मीडिया पर इसका उल्टा तरीका काफी तेजी से वायरल हो रहा है। इस हैक के अनुसार, तैयार घी में कुछ बर्फ के टुकड़े डालकर उसे अच्छी तरह फेंटा जाता है। इससे कुछ ही मिनट में घी से मक्खन तैयार हो जाता है। यह तरीका मुझे भी काफी दिलचस्प लगा, इसलिए मैंने इसे खुद अपनी रसोई में ट्राई करने का फैसला किया। मैंने घी में बर्फ डालकर करीब दो मिनट तक इसे फेंटा। हैरानी की बात यह रही कि कुछ ही देर में घी का रूप बदलने लगा और मक्खन जैसा दिखने लगा। लेकिन असली सवाल था कि क्या इसका स्वाद और बनावट घर के बने मक्खन जैसी होगी? मेरा अनुभव कुछ अलग रहा। (Video Credit/Instagram: cooking_with_shakuntla)
मैंने घी से मक्खन बनाने का यह हैक ट्राई किया
- सबसे पहले मैंने एक कटोरी में घी लिया और उसमें बर्फ के कुछ टुकड़े डाल दिए। इसके बाद इसे लगातार फेंटना शुरू किया। शुरुआत में घी वैसे ही तरल था और कोई खास बदलाव नजर नहीं आया।
- कुछ देर लगातार फेंटने के बाद घी का टेक्सचर बदलने लगा। करीब दो मिनट के अंदर मुझे इसमें मक्खन जैसा मिश्रण दिखाई देने लगा। यानी देखने में यह हैक पहली नजर में काम करता हुआ लगा।
- मैंने तैयार मिश्रण को चखकर देखा। यह मक्खन जैसा जरूर दिख रहा था, लेकिन इसका स्वाद घर पर दही या मलाई से बने ताजे मक्खन जैसा बिल्कुल नहीं था। मुझे इसमें वह ताजगी और मलाई वाला स्वाद महसूस नहीं हुआ।
- शुरुआत में जो हिस्सा मक्खन जैसा दिख रहा था, कुछ देर बाद उसकी बनावट बदलने लगी। वह पिघलकर फिर से नरम और पानी जैसा दिखने लगा। इससे मुझे लगा कि सिर्फ मक्खन जैसा दिखना और असली मक्खन जैसा होना अलग बात है।
- मेरे अनुभव के आधार पर इसे घर के बने असली मक्खन का सीधा विकल्प कहना सही नहीं होगा। घी पहले ही मक्खन से पानी और दूध के ठोस हिस्से अलग करके बनाया जाता है। इसलिए सिर्फ बर्फ डालकर उसे दोबारा उसी तरह का मक्खन बनाना आसान नहीं है।
हैक देखने में दिलचस्प जरूर है:
इस तरीके का सबसे दिलचस्प हिस्सा यही था कि घी का रूप कुछ ही मिनट में बदल गया। लेकिन सिर्फ दिखने के आधार पर किसी हैक को सफल मान लेना सही नहीं है। स्वाद, बनावट और कुछ देर बाद उसका रूप कैसा रहता है, यह देखना भी जरूरी है।
मेरे लिए यह हैक पूरी तरह सफल नहीं रहा:
मैंने घी से मक्खन तो बना लिया, लेकिन मुझे वह घर पर बने ताजे मक्खन जैसा नहीं लगा। कुछ देर बाद उसके पिघलने के कारण मेरा भरोसा भी इस हैक पर नहीं बना।
इस पूरे प्रयोग से मुझे यही समझ आया कि सोशल मीडिया पर दिखने वाला हर किचन हैक वैसा ही काम करे, यह जरूरी नहीं है। घी में बर्फ डालने और उसे फेंटने से कुछ ही समय में मक्खन जैसा मिश्रण जरूर बन सकता है, लेकिन मेरे अनुभव में उसका स्वाद और बनावट घर के बने असली मक्खन जैसी नहीं थी। इसलिए अगर आपको ताजा और स्वादिष्ट मक्खन चाहिए, तो पारंपरिक तरीके से मक्खन बनाना ज्यादा बेहतर विकल्प है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.