दिग्गज कार निर्माता कंपनियां हुंडई और किआ भारतीय मार्केट के लिए कई नई SUV पर काम कर रही हैं। दोनों कंपनियां बजट सेगमेंट में स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड टेक्नोलॉजी लाने की पूरी तैयारी में हैं।
हुंडई क्रेटा हाइब्रिड
अगली जनरेशन हुंडई क्रेटा को कई बार टेस्टिंग के दौरान देखा जा चुका है। इसे 2026 के अंत या 2027 की शुरुआत में लॉन्च किया जा सकता है। इसमें सबसे बड़ा बदलाव 1.5-लीटर स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड पेट्रोल इंजन के रूप में मिलेगा। इसे खास तौर पर भारतीय मार्केट के लिए तैयार किया जा रहा है।
हुंडई बेयोन-बेस्ड हाइब्रिड
कोडनेम B4Ci वाली यह नई SUV वेन्यू और क्रेटा के बीच की जगह भरेगी। इसे इसी साल लॉन्च किए जाने की उम्मीद है और इसमें डीजल इंजन नहीं मिलेगा। यह ग्लोबल मॉडल ‘बेयोन’ का भारतीय अवतार होगी। इसमें 1.5-लीटर हाइब्रिड के साथ रेगुलर पेट्रोल इंजन का ऑप्शन मिलेगा।
किआ सोरेंटो हाइब्रिड
किआ की भारत में पहली स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड SUV सोरेंटो हो सकती है। इस प्रीमियम 7-सीटर SUV को इसी साल के अंत तक उतारा जा सकता है। इसमें भारत के हिसाब से थोड़े बदलाव किए जाएंगे और नया 1.5-लीटर हाइब्रिड इंजन व ढेरों लग्जरी फीचर्स देखने को मिलेंगे।
किआ सेल्टोस हाइब्रिड
नई सेल्टोस में हाइब्रिड मॉडल क्रेटा हाइब्रिड के आने के बाद ही पेश किया जाएगा। इसमें नया 1.5-लीटर पेट्रोल हाइब्रिड इंजन और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मिलेगा। बैटरी पैक की वजह से बूट स्पेस थोड़ा कम हो सकता है, और यह आगे चलकर डीजल वैरिएंट की जगह ले सकती है।
किआ कार्निवल हाइब्रिड
प्रीमियम MPV कार्निवल को भी इस दशक के अंत से पहले हाइब्रिड अवतार मिलने वाला है। ग्लोबल मार्केट में यह 1.6-लीटर हाइब्रिड सेटअप के साथ बिकती है। भारत में कंपनी इसी ग्लोबल इंजन को लाएगी या नया 1.5-लीटर हाइब्रिड पेट्रोल देगी, यह देखना बाकी है।
किआ कारेंस हाइब्रिड
किआ अपनी फैमिली MPV कारेंस में भी हाइब्रिड टेक्नोलॉजी देने वाली है। करीब 2029 तक आने वाली इस कार में वही 1.5-लीटर स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड इंजन मिलेगा जो क्रेटा और सेल्टोस में इस्तेमाल होगा। यह मॉडल भी धीरे-धीरे कारेंस के डीजल इंजन को रिप्लेस कर देगा।
किआ सोनेट हाइब्रिड
किआ की कॉम्पैक्ट SUV सोनेट की अगली जनरेशन पर काम चल रहा है। इसे 2027 में नए प्लेटफॉर्म के साथ लाया जाएगा। इसमें पेट्रोल और डीजल के साथ स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड इंजन भी मिलेगा। यह हाइब्रिड सोनेट लगभग 2028-29 तक भारतीय सड़कों पर एंट्री मारेगी।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
