अगर बाल लगातार झड़ रहे हैं और आप कोई सिंपल घरेलू उपाय ढूंढ़ रहे हैं, तो गुड़हल से तैयार यह शैंपू आपके लिए अच्छा ऑप्शन हो सकता है। इसे बनाना भी बेहद आसान है, जानें इसके फायदे-
बाल झड़ना आजकल हर उम्र के लोगों की आम परेशानी बन गया है। धूल, धूप, तनाव, गलत खानपान और बालों की सही देखभाल ना करने की वजह से यह समस्या और बढ़ती है। ऐसे में कई लोग ऐसे घरेलू उपाय ढूंढ़ते हैं, जिनमें बहुत ज्यादा खर्च भी ना हो और बालों को नुकसान भी ना पहुंचे।
गुड़हल का फूल और इसकी पत्तियां लंबे समय से बालों की देखभाल में इस्तेमाल की जाती रही हैं। अगर इन्हें कुछ दूसरी चीजों के साथ मिलाकर घर पर शैंपू तैयार किया जाए, तो यह बालों को साफ करने के साथ उन्हें मुलायम और चमकदार बनाने में भी मदद कर सकता है।
गुड़हल का शैंपू बनाने के लिए क्या चाहिए?
4 से 5 गुड़हल के फूल
4 से 5 गुड़हल की पत्तियां
दो बड़े चम्मच फ्रेश एलोवेरा जेल
एक मुट्ठी प्याज के छिलके
थोड़ा-सा चुकंदर (ऑप्शनल)
दो से तीन कप पानी
दो बड़े चम्मच रीठा पाउडर
ऐसे बनाएं गुड़हल का शैंपू
- सबसे पहले गुड़हल के फूल, पत्तियां, एलोवेरा जेल, प्याज के छिलके और चुकंदर को पानी में डालकर उबाल लें।
- जब पानी का रंग बदलने लगे और सभी चीजें अच्छी तरह पक जाएं, तब गैस बंद कर दें।
- अब इसमें रीठा पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें। रीठा की वजह से इसमें हल्का झाग बनने लगेगा, जो बालों की सफाई में मदद करता है।
- मिश्रण के ठंडा होने पर इसे छान लें। अब आपका घर का बना गुड़हल शैंपू तैयार है।
- इस शैंपू से हफ्ते में कम से कम दो बार बाल धोएं। इस्तेमाल के बाद बालों को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें।
इस शैंपू से क्या फायदे हो सकते हैं?
- हेयरफॉल कम: गुड़हल का इस्तेमाल पुराने समय से बालों की देखभाल में किया जाता है। इससे बालों का टूटना काफी हद तक कम करने में मदद मिलती है।
- नेचुरल शाइन: एलोवेरा और गुड़हल बालों को मुलायम बनाने में मदद कर सकते हैं। इससे बाल पहले ज्यादा हेल्दी और शाइनी दिखेंगे।
- स्कैल्प की बढ़िया सफाई: रीठा एक प्राकृतिक साफ करने वाला तत्व माना जाता है। यह सिर पर जमी धूल, अतिरिक्त तेल और गंदगी को हटाने में मदद करता है।
- मुलायम बाल: इस शैंपू में मौजूद प्राकृतिक चीजें बालों को रूखा होने से बचाने और उन्हें नरम बनाए रखने में मदद करती हैं।
- केमिकल वाली चीजों से बचाव: घर पर बना यह शैंपू उन लोगों के लिए अच्छा विकल्प है, जो बालों की देखभाल में कम केमिकल्स का यूज चाहते हैं।
नोट: इनमें से किसी चीज से एलर्जिक हैं तो उसे स्किप कर दें। इसके अलावा सिर की त्वचा पर कोई घाव, संक्रमण या एलर्जी है, तो डॉक्टर की सलाह लें। अगर बाल बहुत ज्यादा झड़ रहे हैं या लंबे समय से समस्या बनी हुई है, तो सिर्फ घरेलू उपायों पर निर्भर ना रहें और त्वचा विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.