हिमाचल प्रदेश में पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 5 सितंबर 2026 है। क्या यह तारीख और आगे बढ़ेगी? मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस बारे में क्या कहा? इस रिपोर्ट में जानें…
अब नहीं बढ़ाई जाएगी अंतिम तारीख
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि यदि आवेदन की तारीख को और आगे बढ़ाया जाता है तो आने वाली सर्दियों के कारण भर्ती प्रक्रिया शुरू करने में दिक्कत हो सकती है। इससे भर्ती प्रक्रिया में करीब छह महीने की अतिरिक्त देरी होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि इसी वजह से 5 सितंबर के बाद आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाना उचित नहीं होगा।
10 जुलाई को जारी किया था विज्ञापन
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के वक्तव्य के अनुसार पुलिस कांस्टेबल के पुरुष और महिला पदों के लिए भर्ती का विज्ञापन 10 जुलाई 2026 को जारी किया गया था। उस समय ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 6 अगस्त 2026 तय की गई थी। 6 अगस्त तक करीब 65 हजार अभ्यर्थी आवेदन कर चुके थे।
बढ़ाई गई थी आवेदन की अंतिम डेट
इसके बाद सरकार ने सभी अभ्यर्थियों को एकमुश्त एक वर्ष की आयु सीमा में छूट दी। इसके साथ ही ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख 15 दिन बढ़ाकर 21 अगस्त 2026 कर दी गई। इस बढ़ी हुई अवधि में करीब 11 हजार और आवेदन प्राप्त हुए। इससे कुल आवेदनों की संख्या करीब 77 हजार हो गई।
अब तक 98,719 आवेदन
इसके बाद हिमाचल प्रदेश होम गार्ड्स के कर्मचारियों को एकमुश्त पांच वर्ष की आयु सीमा में छूट दी गई। इसके साथ ही आवेदन की अंतिम तारीख फिर 15 दिन बढ़ाकर 5 सितंबर 2026 कर दी गई। इस अवधि में करीब 21 हजार आवेदन प्राप्त हुए। मुख्यमंत्री के अनुसार 1 सितंबर 2026 को शाम सात बजे तक पुरुष और महिला पुलिस कांस्टेबल के पदों के लिए कुल 98,719 आवेदन प्राप्त हो चुके थे।
लगातार आ रहे आवेदन
सरकार की ओर से बताया गया कि मौजूदा विस्तारित अवधि में भी आवेदन लगातार आ रहे हैं। प्रतिदिन पुरुष अभ्यर्थियों से करीब 200 से 300 आवेदन और महिला अभ्यर्थियों से करीब 150 से 200 आवेदन प्राप्त हो रहे हैं। 31 अगस्त को पुरुष अभ्यर्थियों से 313 और महिला अभ्यर्थियों से 159 आवेदन आए। वहीं 1 सितंबर को पुरुष अभ्यर्थियों से 294 और महिला अभ्यर्थियों से 129 आवेदन प्राप्त हुए।
ऑनलाइन पोर्टल पूरी तरह कर रहा काम
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के ऑनलाइन पोर्टल के सुचारू रूप से काम नहीं करने की बात तथ्यात्मक रूप से सही नहीं है। उन्होंने कहा कि आयोग का ऑनलाइन पोर्टल पूरी तरह सुचारू रूप से काम कर रहा है और इसमें किसी तरह की तकनीकी दिक्कत नहीं है।
सभी 12 जिलों में होंगे फिजिकल टेस्ट
उन्होंने भर्ती प्रक्रिया की अगली प्रक्रिया और मौसम की स्थिति का भी उल्लेख किया। पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए लागू भर्ती एवं पदोन्नति नियमों के अनुसार शारीरिक मानक परीक्षण और शारीरिक दक्षता परीक्षण हिमाचल प्रदेश के सभी 12 जिलों में पुलिस विभाग की ओर से आयोजित किया जाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख और बढ़ाई गई तो आने वाली सर्दियों के कारण इन प्रक्रियाओं को शुरू करना कठिन हो सकता है।
सीएम बोले- अंतिम तारीख को और बढ़ाना उचित नहीं
सरकार के अनुसार इससे पूरी भर्ती प्रक्रिया में करीब छह महीने की अतिरिक्त देरी हो सकती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करने के लिए पहले ही पर्याप्त समय और अवसर दिए जा चुके हैं। मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए अब आवेदन की अंतिम तारीख को और बढ़ाना उचित नहीं होगा।
रिपोर्ट- यूके शर्मा
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.