Fenugreek Water Benefits: आयुर्वेद में मेथी को औषधीय गुणों से भरपूर माना गया है. मेथी दाना का सही तरीके से सेवन करने से कई समस्याओं से निजात मिल सकती है. आयुर्वेद एक्सपर्ट्स की मानें तो मेथी का पानी धमनियों में जमा गंदे कोलेस्ट्रॉल को कम करता है और वजन कंट्रोल करने में मदद करता है. मेथी पानी आपके मेटाबॉलिज्म को भी बूस्ट कर सकता है.
मेथी पानी को कोलेस्ट्रॉल कम करने में कारगर माना जाता है.
यूपी के अलीगढ़ आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर और आयुर्वेदाचार्य डॉ. पीयूष माहेश्वरी ने News18 को बताया कि मेथी के दानों में भरपूर मात्रा में फाइबर और स्टेरोइडल सैपोनिन्स पाए जाते हैं. जब आप खाली पेट इसका पानी पीते हैं, तो यह खून में मौजूद बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करता है. यह नसों की दीवारों पर जमा फैट को धीरे-धीरे पिघलाकर शरीर से बाहर निकाल देता है, जिससे नसों की ब्लॉकेज का खतरा कम हो जाता है. यह प्रक्रिया ब्लड फ्लो को बेहतर बनाती है और दिल पर पड़ने वाले अतिरिक्त दबाव को कम करती है. आप रात को एक गिलास पानी में एक चम्मच मेथी दाना भिगोकर रख दें. सुबह आप मेथी दाने चबाकर खा लें और इसके पानी को पी लें.
आयुर्वेदाचार्य ने बताया कि डायबिटीज के मरीजों के लिए मेथी का पानी वरदान है. मेथी में मौजूद घुलनशील फाइबर ब्लड में शुगर के अवशोषण की गति को धीमा कर देता है. इसके अलावा यह शरीर में इंसुलिन के उत्पादन को बढ़ाने में भी मदद करता है. नियमित रूप से सुबह इसका सेवन करने से फास्टिंग शुगर लेवल को कंट्रोल में रखा जा सकता है और शरीर की मेटाबॉलिक दर में भी सुधार होता है. अगर आप पेट से जुड़ी समस्याओं जैसे गैस, एसिडिटी या पुरानी कब्ज से परेशान हैं, तो मेथी का पानी आपके पाचन तंत्र को बूस्ट कर सकता है. यह शरीर से टॉक्सिन्स को बाहर निकालकर आंतों की सफाई करता है.
एक्सपर्ट की मानें तो मेथी का पानी मेटाबॉलिज्म को तेज करने के लिए जाना जाता है. सुबह खाली पेट इसे पीने से शरीर में जमा अतिरिक्त चर्बी को बर्न करने में मदद मिलती है. इसके सेवन से पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस होता है, जिससे आप बेवजह की कैलोरी लेने या ओवरईटिंग से बच जाते हैं. जो लोग प्राकृतिक तरीके से अपना वजन कम करना चाहते हैं, उनके लिए यह डिटॉक्स ड्रिंक एक बेहतरीन विकल्प है. इसके अलावा मेथी की तासीर गर्म होती है, जो शरीर में वात दोष को संतुलित करने में मदद करती है. इसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो हड्डियों और जोड़ों की सूजन को कम करते हैं.
About the Author

अमित उपाध्याय News18 Hindi की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.