भारतीय बॉक्स ऑफ़िस पर शुक्रवार का दिन काफी हलचल से भरा रहा. दरअसल इस फ्राइडे 10 जुलाई को अलग-अलग भाषाओं और जॉनर की कई फिल्में सिनेमाघरों में रिलीज हुईं. इन नई फिल्मों की पहले से थिएटर में मौजूद अन्य फिल्मों से कड़ी टक्कर भी हुई है. हालांकि बॉलीवुड की नई कॉमेडी सीक्वल ‘धमाल 4’ ने जबरदस्त ओपनिंग के साथ बॉक्स ऑफिस पर अपना दबदबा बनाया जबकि तमिल फ़िल्में ‘लेनिन’ और ‘इधयम मुरली’ की शुरुआत बिल्कुल अलग-अलग तरह की रही. इन सबके बीच ‘अल्फा’ और ‘वेलकम टू द जंगल’ की कमाई को झटका लगा है. चलिए यहां फ्राइडे, 10 जुलाई की बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट जानते हैं.
धमाल 4 ने फ्राइडे को की सबसे बड़ी ओपनिंग
‘धमाल 4’ ने अपने ओपनिंग डे पर बॉक्स ऑफिस पर गर्दा उड़ा दिया. ये फिल्म फ्राइडे को कमाई के मामले में सबसे आगे रही. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक इस फिल्म ने भारत में पहले दिन 10 हजार 669 शो में 13.75 करोड़ की नेट कमाई की और इसका भारत में ग्रॉस कलेक्शन 16.50 करोड़ रहा. इस कॉमेडी फिल्म को विदेशों में भी अच्छा रिस्पॉन्स मिला, जहां इसने 5 करोड़ कमाए. इसके साथ ही, रिलीज़ के पहले ही दिन इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 21.50 करोड़ तक पहुंच गया.
लेनिन का कितना रहा फ्राइडे का कलेक्शन
तमिल रिलीज में, लेनिन ने भारत में पहले दिन 5.90 करोड़ नेट कमाकर ठीक-ठाक शुरुआत की. फिल्म को 2 हजार 28 शो में दिखाया गया, जबकि भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन 6.73 करोड़ रहा. इस फिल्म ने इंटरनेशनल मार्केट से भी 3 करोड़ रुपयों का ग्रॉस कलेक्शन किया, जिससे इसकी वर्ल्डवाइड ग्रॉस कमाई 9.73 करोड़ रही.
इधयम मुरली ने फ्राइडे को कितना किया कारोबार
अथर्वा की रोमांटिक कॉमेडी ‘इधयम मुरली’ की शुरुआत धीमी रही. इस फिल्म ने भारत में पहले दिन 1 हजार 283 शो से 1.90 करोड़ नेट कमाए. भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन अभी 2.19 करोड़ है. हालांकि ओपनिंग के आंकड़े कम थे, लेकिन सोशल मीडिया पर फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है, जिससे वीकेंड पर ये कमाई में तेजी ला सकती है.
अल्फा ने दूसरे फ्राइडे कितनी कमाई की?
वाईआरएफ के स्पाई यूनिवर्स की आलिया भट्ट और शरवरी स्टारर फिल्म ने पहले हफ्ते में 47.45 करोड़ रुपये कमाए थे. लेकन दूसरे शुक्रवार नई रिलीज फिल्मों के चलते इसकी कमाई की रफ्तार काफी कम हुई. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक अल्फा ने रिलीज के 8वें दिन यानी दूसरे फ्राइडे को भारत में 1.65 करोड़ की नेट कमाई की है. जिसके इसका 8 दिनों का कुल कलेक्शन 49.10 करोड़ रुपये रहा है.
वेलकम टू द जंगल की तीसरे फ्राइडे की कितनी रही कमाई?
बॉलीवुड की पॉपुलर कॉमेडी फ्रेंचाइजी की फिल्म धमाल 4 के आने से अक्षय कुमार की वेलकम टू द जंगल की कमाई को भी तीसरे शुक्रवार बड़ा झटका लगा. सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक वेलकम टू द जंगल ने रिलीज के 15वें दिन यानी तीसरे फ्राइडे को भारत में महज 1 करोड़ कमाए. इसी के साथ इस फिल्म की 15 दिनों की भारत में कुल नेट कमाई अब 126.05 करोड़ रुपये हुई है.
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.