वित्त मंत्रालय ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और वित्तीय संस्थानों से मितव्ययिता उपाय अपनाने तथा इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) के इस्तेमाल को बढ़ावा देने का सोमवार को आह्वान किया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील के बाद यह कदम उठाया गया है। मोदी ने पश्चिम एशिया संकट के बीच अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए ईंधन के विवेकपूर्ण उपयोग, सोने की खरीद और विदेश यात्राओं को टालने आदि जैसे उपाय अपनाने की पिछले सप्ताह अपील की थी।
उन्होंने कहा था कि केंद्र सरकार लोगों को पश्चिम एशिया संकट के प्रतिकूल प्रभावों से बचाने का प्रयास कर रही है।
वित्त मंत्रालय के अधीन वित्तीय सेवा विभाग ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (पीएसबी), क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों (आरआरबी), सार्वजनिक क्षेत्र की बीमा कंपनियों (पीएसआईसी) और वित्तीय संस्थानों (पीएसएफआई) को जारी परिपत्र में यात्रा खर्च कम करने और इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने का आग्रह किया है।
परिपत्र में कहा गया कि मितव्ययिता उपाय तत्काल प्रभाव से लागू किए जाएं।
इसके तहत सभी बैठकें, समीक्षा और परामर्श ऑनलाइन किए जाएं जब तक कि भौतिक बैठक बेहद आवश्यक न हो।
परिपत्र में कहा गया कि बैंकों व वित्तीय संस्थानों के चेयरमैन, प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एमडी एवं सीईओ) तथा पूर्णकालिक निदेशकों की विदेश यात्राओं को छोटा किया जाए और जहां तक संभव हो ऐसे कार्यक्रमों में ऑनलाइन शामिल हों।
इलेक्ट्रिक वाहनों के संबंध में परिपत्र में कहा गया कि सभी संस्थाएं किराये पर लिए गए पेट्रोल और डीजल के वाहनों के स्थान पर यथासंभव इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) का इस्तेमाल शुरू करें। मौजूदा वाहन बेड़े को चरणबद्ध तरीके से ईवी में बदला जाए।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.