एक्सपायर मेकअप को चेहरे पर लगाना नुकसान पहुंचा सकता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हर चीज सीधे कूड़ेदान में जाए। कुछ मेकअप प्रोडक्ट्स दूसरे कामों में भी बड़े काम आ सकते हैं। यहां जानें कुछ आसान तरीके-
लिपस्टिक, मस्कारा, फाउंडेशन या आई शैडो जैसी मेकअप की चीजें हमेशा के लिए नहीं चलतीं। हर प्रोडक्ट की एक तय समय सीमा (एक्सपायरी डेट) होती है। उसके बाद उसे चेहरे पर लगाना सही नहीं माना जाता, क्योंकि इससे एलर्जी, जलन, मुंहासे या आंखों में संक्रमण जैसी परेशानी हो सकती है।
लेकिन अगर आपका कोई मेकअप प्रोडक्ट एक्सपायर हो गया है, तो उसे तुरंत फेंकने की भी जरूरत नहीं है। कई चीजों का इस्तेमाल घर के छोटे-मोटे कामों या क्रिएटिविटी में किया जा सकता है।
1. मस्कारा के ब्रश को दोबारा करें इस्तेमाल
मुस्करा एक्सपायर हो गया है, तो उसे आंखों पर बिल्कुल ना लगाएं। लेकिन उसके ब्रश को अच्छी तरह धो लें। अब इससे भौंहों को सलीके से सेट कर सकते हैं या सिर के छोटे-छोटे उड़ते बालों को आसानी से सेट कर सकते हैं।
2. आई शैडो से बनाएं अपना पसंदीदा नेल पेंट
पुराना आई शैडो बेकार नहीं है। उसका थोड़ा-सा रंग ट्रांसपेरेंट नेल पॉलिश में मिलाकर नया नेल पेंट बना सकते हैं। अगर आपको पेंटिंग करना पसंद है, तो रंग भरने के लिए भी इसका इस्तेमाल कर सकते हैं।
3. एक्सपायर टोनर से चमकाएं शीशे
चेहरे पर लगाने की बजाय पुराने टोनर का इस्तेमाल घर की सफाई में करें। इससे शीशा, खिड़की का कांच और मोबाइल की स्क्रीन साफ की जा सकती है। कई टोनर में मौजूद अल्कोहल सफाई में मदद करता है।
4. फेस ऑयल से बनाएं बॉडी स्क्रब
अगर महंगा फेस ऑयल एक्सपायर हो गया है, तो उसे फेंकने की जल्दी ना करें। उसमें थोड़ी चीनी मिलाकर शरीर के लिए स्क्रब बना सकते हैं। इससे डेड स्किन हटाने में मदद मिल सकती है। ध्यान रखें, इसे चेहरे पर ना लगाएं।
5. फाउंडेशन का करें अलग अंदाज में इस्तेमाल
एक्सपायर फाउंडेशन को चेहरे पर लगाना सही नहीं है। लेकिन इसे पेंटिंग, सजावट या दूसरे रचनात्मक कामों में रंग की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं। अगर किसी खास मौके पर पैरों या बाजुओं की रंगत थोड़ी एक जैसी दिखानी हो, तो पहले छोटे हिस्से पर जांच करके वहां इस्तेमाल किया जा सकता है।
6. लिपस्टिक से करें रंगों वाला खेल
पुरानी लिपस्टिक को होंठों पर लगाने की बजाय कागज पर पेंटिंग बनाने या रंग भरने के लिए इस्तेमाल करें। बच्चों के साथ कला से जुड़ी छोटी-छोटी गतिविधियों में भी यह काम आ सकती है।
7. लिप बाम के ये जुगाड़ जान लीजिए
लिप बाम एक्सपायर हो गया है, तो उसे होंठों पर ना लगाएं। लेकिन अगर बैग या जैकेट की जिप अटक रही है, तो थोड़ा-सा लिप बाम लगाने से वह आसानी से चलने लगेगी। चमड़े के जूतों पर हल्का-सा लगाने से उनकी चमक भी वापस आ सकती है।
इन बातों का जरूर रखें ध्यान
- एक्सपायर मेकअप को कभी भी आंखों, होंठों या चेहरे पर दोबारा ना लगाएं।
- अगर किसी प्रोडक्ट से बदबू आने लगे, रंग बदल जाए या उसमें फफूंदी दिखे, तो उसे तुरंत फेंक दें।
- दोबारा इस्तेमाल करने से पहले ब्रश या दूसरी चीजों को अच्छी तरह साफ कर लें।
- ऐसे सामान को हमेशा बच्चों की पहुंच से दूर रखें।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.