नयी दिल्ली, 29 जुलाई आयशर मोटर्स लिमिटेड (ईएमएल) का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में 21.4 प्रतिशत बढ़कर 1,462.51 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में 1,205.22 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ दर्ज किया था। आयशर मोटर्स ने बताया कि उसके निदेशक मंडल ने आंध्र प्रदेश में मोटरसाइकिल विनिर्माण क्षमता बढ़ाने के लिए नई सुविधा स्थापित करने के पहले चरण में 1,225 करोड़ रुपये के निवेश को मंज़ूरी दी है।
यह कुल 2,500 करोड़ रुपये की निवेश योजना का हिस्सा है, जिसे चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। ईएमएल ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में परिचालन से उसकी एकीकृत आय बढ़कर 6,632.42 करोड़ रुपये हो गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 5,041.84 करोड़ रुपये थी। कंपनी ने बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में उसका कुल खर्च भी बढ़कर 5,341 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की जून तिमाही में 4,052.02 करोड़ रुपये था।
समूह की दोपहिया विनिर्माण इकाई रॉयल एनफील्ड ने जून तिमाही में अब तक की सबसे अधिक 3,32,940 मोटरसाइकिलों की बिक्री दर्ज की, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में बेची गई 2,61,326 इकाइयों से 27 प्रतिशत अधिक है। वोल्वो समूह के साथ कंपनी के संयुक्त उद्यम वीई कमर्शियल व्हीकल्स (वीईसीवी) ने भी पहली तिमाही में अब तक की सबसे अधिक बिक्री दर्ज की। कंपनी ने इस दौरान 24,815 वाहनों की बिक्री की, जबकि पिछले साल की समान तिमाही में यह आंकड़ा 21,610 इकाइयों का था।
आयशर मोटर्स के प्रबंध निदेशक एवं रॉयल एनफील्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) बी. गोविंदराजन ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 में रिकॉर्ड प्रदर्शन के बाद कंपनी ने नए वित्त वर्ष में भी मजबूत रफ्तार बनाए रखी है। उन्होंने कहा कि रॉयल एनफील्ड ने अब तक की सबसे अधिक तिमाही बिक्री दर्ज की, वहीं वीईसीवी ने भी पहली तिमाही की रिकॉर्ड बिक्री हासिल की।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.