खेल मंत्री के दखल के बाद दिव्यांशी चौधरी के तेवर नरम पड़ गए हैं। उनका एशियन गेम्स 2026 के लिए वुशु टीम में सिलेक्शन हुआ था लेकिन फिर बाहर कर दिया गया। दिव्यांशी ने उत्पीड़न का आरोप लगाया था।
‘अब मुझे समझ आ गया कि फेडरेशन…’
दिव्यांशी ने इससे पहले एक वीडियो में दावा किया था कि डॉक्टरों ने चोट के बावजूद उन्हें एशियाई खेलों में भाग लेने की अनुमति दे दी थी, लेकिन एक नए वीडियो में उन्होंने भारतीय वुशु महासंघ (डब्ल्यूएआई) के फैसले को स्वीकार कर लिया है। उन्होंने कहा, ”मेरे फेडरेशन ने मुझे समझाया कि फिटनेस सबसे महत्वपूर्ण है ताकि मैं भविष्य में भारत के लिए पदक जीत सकूं। मैं सोच रही थी कि फेडरेशन मेरा साथ नहीं दे रहा है लेकिन अब मुझे समझ आ गया है कि वह मेरे साथ है और 2030 में होने वाले एशियाई खेलों के लिए मुझे अपना पूरा समर्थन देगा।”
‘खेल मंत्री ने मुझे इसका महत्व समझाया’
दिव्यांशी ने कहा, ”महासंघ चाहता है मैं चोट से पूरी तरह उबर जाऊं और फिर वापसी करूं। पहले मुझे यह बात समझ नहीं आई। यहां तक कि खेल मंत्री (मनसुख मांडविया) ने भी मुझे चोट से उबरने के महत्व को समझाया।” हालांकि, उन्होंने दावा किया कि उनकी जगह लेने वाली नोरम रोशिबिना देवी ने उन्हें और उनके परिवार को परेशान किया। दिव्यांशी ने आगे कहा, ”रोशिबीना ने मुझे और मेरे परिवार को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया है। मुझे विश्वास नहीं हो रहा कि एक खिलाड़ी इस हद तक गिर सकती है। जून से लेकर अब तक वह लगातार मुझे और मेरे परिवार को परेशान कर रही है।”
दिव्यांशी ने आत्महत्या की धमकी दी थी
भारतीय वुशु संघ (डब्ल्यूएआई) ने दावा किया कि खिलाड़ी के एमआरआई में ‘एसीएल’ में चोट और काफी मात्रा में तरल पदार्थ जमा होने की बात सामने आई थी, इसी वजह से उन्हें टीम से हटाया गया। डब्ल्यूएआई ने कहा कि दिव्यांशी ने खुद संघ को बताया था कि उन्हें 24 से 29 जून तक चीन के हुबेई में आयोजित 2026 वुशु सांडा चैंपियनशिप के दौरान चोट लगी थी। कोटा की रहने वाली दिव्यांशी फिलहाल एनआईएस पटियाला में प्रशिक्षण ले रही हैं। दिव्यांशी ने वीडियो में रोते हुए एक बार आत्महत्या करने की धमकी भी दी थी।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.