Google Gemini से सलाह लेकर अपनी यात्रा प्लान करना कैलिफोर्निया में तीन हाइकर्स को भारी पड़ गया। उन्हें बेहद खराब अनुभव से गुजरना पड़ा। उन्होंने Gemini AI पर इतना ज्यादा भरोसा किया कि इन्हें भूखे-प्यासे घने जंगल में रात गुजारनी पड़ी। क्या है पूरा मामला, चलिए डिटेल में बताते हैं…
चढ़ाई शुरू करने से पहले जेमिनी से ली सलाह
रोजविल, कैलिफोर्निया के तीन लोग, माउंट शास्ता की चढ़ाई लगभग आठ घंटे में पूरी करने की उम्मीद से, 29 अगस्त को क्लियर क्रीक ट्रेलहेड से निकले। उन्होंने रास्ते के बारे में जानकारी लेने के लिए, अपनी चढ़ाई की योजना बनाने और क्या पैक करना है यह तय करने के लिए यूट्यूब और ऑलट्रेल्स के साथ-साथ जेमिनी एआई का उपयोग किया था।
सिसकियू काउंटी शेरिफ ऑफिस की आधिकारिक पोस्ट के अनुसार, पर्वतारोहियों ने लगभग 8,400 फीट की ऊंचाई पर कैंप लगाया और अगली सुबह 3 बजे चोटी की ओर चढ़ाई शुरू की। लेकिन चढ़ाई में उनकी उम्मीद से कहीं ज्यादा समय लगा।
नीचे उतरते समय बिगड़े हालात
जब वे चोटी पर पहुंचे, तो शाम के करीब 7 बज चुके थे, दोपहर में लौटने के तय समय से कई घंटे ज्यादा। इसका मतलब था कि उन्हें अंधेरे में ही नीचे उतरना था। और यहीं से हालात बिगड़ने लगे। नीचे उतरते समय लगभग एक घंटे बाद, पर्वतारोहियों ने रास्ता जानने के लिए सिसकियू काउंटी शेरिफ ऑफिस के डिस्पैच को फोन किया। हालांकि, फोन करने के ठीक बाद, वे अपने रास्ते से भटककर मड क्रीक कैन्यन की ओर चले गए।
भूखे-प्यासे पहाड़ों पर फंसे रहे क्लाइंबर
उस रात बाद में, एक क्लाइंबर गिर गया और उसके घुटने में चोट लग गई। आखिर में ग्रुप करीब 11,000 फीट की ऊंचाई पर रुका और ढलान वाली जगह पर फंसी हालत में रात बिताई। तब तक, तीनों आदमी थक चुके थे और उन्हें भूख-प्यास भी लगी थी, क्योंकि जेमिनी ने उन्हें कम खाना और पानी ले जाने की सलाह दी थी, ताकि वे हल्के बैग के साथ यात्रा कर सकें।
अगली सुबह लगभग 9:30 बजे US फॉरेस्ट सर्विस के क्लाइंबिंग रेंजर्स उन तक पहुंचे। रेंजर्स ने घायल क्लाइंबर का इलाज किया और पहाड़ से नीचे उतरने में मदद करने से पहले ग्रुप को खाना और पानी दिया।
हालांकि, रेस्क्यू ऑपरेशन इतना आसान नहीं था। अधिकारियों के मुताबिक, तेज हवाओं की वजह से हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू की दो कोशिशें नाकाम रहीं, जिसके बाद क्लाइंबर्स और रेंजर्स को पैदल ही नीचे आना पड़ा। वे आखिरकार दोपहर करीब 3 बजे बेस कैंप पहुंचे, जहां सिसकियू काउंटी सर्च एंड रेस्क्यू टीम ने उन्हें क्लियर क्रीक ट्रेलहेड तक पहुंचाने में मदद की। रेस्क्यू ऑपरेशन शाम करीब 6.30 बजे खत्म हुआ।
बचाव के बाद, पर्वतारोहियों ने खुलासा किया कि वे मार्ग की जानकारी और क्या पैक करना है इसकी सलाह के लिए गूगस के जेमिनी एआई पर बहुत अधिक निर्भर थे। शेरिफ ऑफिस ने इसे “गंभीर गलती” बताया और पर्वतारोहियों को चेतावनी दी कि “अपनी यात्रा की योजना के लिए कभी भी एआई पर भरोसा न करें।”
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.