नोएडा, 28 जुलाई उत्तर प्रदेश के नोएडा के थाना बीटा- दो पुलिस ने बीती रात को एक सूचना के आधार पर अवैध रुप से देश में रह रहे एक चीनी नागरिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। थाना बीटा- दो के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि बीती रात को एक सूचना के आधार पर थाना पुलिस ने एनआरआई सिटी के पास से एक चीनी नागरिक सांग जियाओमी (38) को गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि वह ग्रेटर नोएडा के एक सोसाइटी में रह रहा था। उन्होंने बताया कि जांच की गई तो पता चला कि वह एक वर्ष के लिए 26 जून 2019 से 25 जून 2020 तक के वैध वीजा पर भारत आया था। उन्होंने बताया कि वीजा अवधि समाप्त होने के बाद वह अवैध रूप से भारत में रहने लगा।
उन्होंने बताया कि उसने धोखाधड़ी करके वीजा खत्म होने के बाद भारत गणराज्य में फर्जी आधार कार्ड बनवाया। उन्होंने बताया कि आधार कार्ड के आधार पर उसने पैन कार्ड और अन्य दस्तावेज बनवा लिया, तथा वह जेपी ग्रीन सोसायटी ग्रेटर नोएडा में रहने लगा। उन्होंने बताया कि जांच में यह भी पता चला है कि इसने पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर की रहने वाली एक युवती से शादी भी कर ली।
इसकी एक तीन वर्ष की बेटी है, तथा यह अपनी पत्नी के नाम से कंस्ट्रक्शन कंपनी चलाता है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से गुप्तचर एजेंसिया गहनता से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कहीं वह भारत में रहकर जासूसी तो नहीं कर रहा था।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.