बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया ने अपनी फ्लैगशिप सेडान 2027 बीएमडब्ल्यू 7 सीरीज की बुकिंग भारत में आधिकारिक तौर पर शुरू कर दी है। इस कार का ग्लोबल डेब्यू अप्रैल 2026 में हुआ था।
अब ऐसी होगी डिजाइन
कंपनी ने 2027 बीएमडब्ल्यू 7 सीरीज के डिजाइन में कुछ बड़े और खास बदलाव किए हैं। कार का नया लुक अब बीएमडब्ल्यू की मशहूर ‘नोए क्लासे’ डिजाइन भाषा पर बेस्ड है। इसके फ्रंट में वर्टिकल हेडलैंप्स, पतली एलईडी डीआरएल और नए अंदाज में चमकने वाली सिग्नेचर किड्नी ग्रिल दी गई है। बंपर को भी पहले से ज्यादा साफ और बॉडी कलर में रखा गया है। कार के पिछले हिस्से में बड़ी और आपस में जुड़ती हुई टेल लाइट्स मिलती हैं, जो इसे बहुत ही स्पॉटी और रॉयल लुक देती हैं।
इंटीरियर है बेहद लग्जरियस
कार का इंटीरियर बेहद लग्जरियस है और टेक्नोलॉजी के मामले में काफी आगे है। केबिन में सबसे बड़ा बदलाव नया ‘बीएमडब्ल्यू पैनोरमिक आईड्राइव’ डिस्प्ले है, जो पूरे डैशबोर्ड पर फैला हुआ है। इसमें 17.9 इंच का बड़ा इंफोटेनमेंट स्क्रीन और सह-यात्री के लिए 14.6 इंच का अलग डिस्प्ले दिया गया है। पीछे बैठने वाले यात्रियों के आराम के लिए 31.8 इंच का 8K ड्रॉप-डाउन एंटरटेनमेंट स्क्रीन और बॉवर्स एंड विल्किंस का शानदार ऑडियो सिस्टम मिलता है। इसके अलावा कार में एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस (ADAS) जैसे सेफ्टी फीचर्स भी शामिल हैं।
कैसा होगा पावरट्रेन?
इसके पावरट्रेन की सटीक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। हालांकि, ग्लोबल मार्केट में इसके पेट्रोल मॉडल (740 और 740 xDrive) में 3.0-लीटर का 6-सिलेंडर पेट्रोल इंजन मिलता है। इसके अलावा, एक प्लग-इन हाइब्रिड (750e xDrive) और पावरफुल V8 इंजन (760i xDrive) का ऑप्शन भी पेश किया जा सकता है। अमेरिका में 2027 बीएमडब्ल्यू 7 सीरीज की शुरुआती कीमत लगभग 107,750 डॉलर (करीब 1.01 करोड़ रुपये) रखी गई है।
563 किमी है रेंज
इलेक्ट्रिक अवतार यानी 2027 बीएमडब्ल्यू i7 (EV) में कंपनी ने 112.5 kWh का बड़ा बैटरी पैक दिया है। यह कार 250 kW तक की डीसी फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। इसका टॉप वैरिएंट i7 60 xDrive सिंगल चार्ज में करीब 563 किमी की रेंज देने का दावा करता है। यह कार सिर्फ 4.6 सेकंड में 0 से 97 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है। भारत में लॉन्च होने के बाद इस धांसू लक्जरी कार का सीधा मुकाबला मर्सिडीज-बेंज एस-क्लास से होगा।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
