दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए एनएसयूआई के उम्मीदवार विजय शंकर मीणा ने फर्जी और जबरन मतदान का आरोप लगाते हुए शनिवार को कहा कि वह अदालत का रुख करेंगे। मीणा ने कहा, “हम हारे नहीं हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय का हर छात्र चुनाव जीता है।
आपके अत्यधिक समर्थन के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। हमने स्वामी श्रद्धानंद कॉलेज, रामजस कॉलेज और शिवाजी कॉलेज जैसे कॉलेजों में हुई घटनाओं के संबंध में कल शिकायत दर्ज कराई थी।”
उन्होंने कहा, “वहां फर्जी मतदान हुआ। छात्रों से जबरन मतदान कराया गया और उनके पहचान पत्र जब्त कर लिए गए।
हम इस मामले पर अदालत का रुख करेंगे और लड़ेंगे।”
डूसू चुनाव के लिए शुक्रवार को मतदान हुआ था। शनिवार को परिणाम घोषित किए गए। अध्यक्ष पद के चुनाव में, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के यश डबास को 24,576 वोट मिले।
उन्होंने नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के उम्मीदवार मीणा को 2,053 मतों से हराया। कांग्रेस का छात्र संगठन एनएसयूआई केंद्रीय पैनल के चारों पदों में से किसी पर भी जीत हासिल नहीं कर पाया। अध्यक्ष व संयुक्त सचिव के पदों पर एनएसयूआई को मामूली अंतर से हार का सामना करना पड़ा।
एनएसयूआई का प्रदर्शन उसके बागी उम्मीदवार दीपांशु शौकीन के कारण भी प्रभावित हुआ, जिन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा और 13,700 से अधिक वोटों से उपाध्यक्ष पद पर जीत हासिल की। एबीवीपी ने अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के पदों पर जीत दर्ज की।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.