Bihar Constable Result 2026 Download: बिहार केंद्रीय चयन पर्षद ने कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा का रिजल्ट जारी किया। कुल 4,236 पदों के लिए 19,681 अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के लिए चुने गए हैं।
4,236 पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए राज्य के विभिन्न विभागों में कुल 4,236 पदों को भरा जाना है। शुरुआत में यह भर्ती नोटिस 4,128 पदों के लिए निकाला गया था, लेकिन बाद में मद्य निषेध सिपाही के 94 नए पद और कक्षपाल के 14 संशोधित पद जोड़कर कुल रिक्तियों की संख्या 4,236 कर दी गई। इन पदों में मद्य निषेध सिपाही के 1,697 पद, कक्षपाल के 2,431 पद और चलंत दस्ता सिपाही के 108 पद शामिल हैं।
जून में आयोजित हुई थी परीक्षा
छात्रों के बीच इस परीक्षा को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया। इस भर्ती के लिए कुल 11,43,855 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। हालांकि, स्क्रूटनी और आवेदकों द्वारा खुद रद्द किए गए आवेदनों के बाद कुल 11,04,473 वैलिड आवेदन स्वीकार किए गए। लिखित परीक्षा का आयोजन 14 जून 2026 और 17 जून 2026 को दो-दो पारियों में राज्य के सभी 38 जिलों के 544 परीक्षा केंद्रों पर सफलतापूर्वक किया गया था। इस परीक्षा में कुल 5,34,735 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। हालांकि, परीक्षा के दौरान कदाचार और अनुशासनहीनता के कारण 80 अभ्यर्थियों को अयोग्य घोषित कर दिया गया, जिसके बाद कुल 5,34,669 वैलिड उम्मीदवारों की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया।
PET-PST के लिए 19,681 अभ्यर्थियों का चयन
नियमों के अनुसार, लिखित परीक्षा में कम से कम 30 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य था। पदों के सापेक्ष 5 गुना अभ्यर्थियों का चयन शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) और शारीरिक जांच/माप परीक्षा (PST) के लिए किया जाना है। पूर्व सैनिकों और गृह रक्षकों की उपलब्ध सीटों पर पर्याप्त उम्मीदवार न मिलने के कारण नियमों के तहत बची हुई सीटों को गैर-गृह रक्षक वाले उम्मीदवारों से भरा गया। अंतिम रूप से 19,681 अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया के अगले चरण यानी शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) / PST के लिए सफल घोषित किया गया है।
इसके अलावा, बिहार की मूल निवासी महिलाओं को 35 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। परीक्षा में समान अंक पाने वाले उम्मीदवारों को भी कट-ऑफ के आधार पर अगले चरण में जगह दी गई है। जो उम्मीदवार इस लिखित परीक्षा में सफल हुए हैं, उन्हें अब अपनी शारीरिक तैयारी तेज कर देनी चाहिए, क्योंकि अगला चरण दौड़, ऊंची कूद, गोला फेंक और शारीरिक माप का होगा। परीक्षा रिजल्ट और सफल अभ्यर्थियों के रोल नंबर पर्षद की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.