आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए मंगलवार को दावा किया कि पंजाब सरकार ने पाकिस्तान से राज्य में मादक पदार्थ की तस्करी पर लगाम लगाई है, लेकिन ‘‘आज इसकी 80 प्रतिशत खेप ‘‘भाजपा शासित राज्यों से आ रही है।’’
पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार को राज्य में बढ़ती मादक पदार्थ तस्करी को लेकर भारतीय जनता पार्टी की आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। पिछले कुछ दिनों में इस मुद्दे से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुए हैं। केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘आज 80 प्रतिशत मादक पदार्थ भाजपा शासित राज्यों से आ रहे हैं – गुजरात, राजस्थान, हरियाणा, उप्र, दिल्ली।
भाजपा या तो अपने राज्यों में नशे का धंधा रोकने में नाकाम रही है या रोकना नहीं चाहती? गुजरात में तीस साल से इनकी सरकार है और नशे का सबसे ज्यादा धंधा वहां है।’’
केजरीवाल ने कहा कि 2022 में जब ‘आप’ की सरकार बनी थी तो 80 प्रतिशत मादक पदार्थ पाकिस्तान से आता था। उन्होंने दावा किया, ‘‘आप सरकार ने ड्रोन रोधी प्रणाली लगाकर पाकिस्तान से हो रही मादक पदार्थ तस्करी को काबू किया।
’’
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि गुजरात के मुंद्रा पोर्ट से मादक पदार्थ भारत लाए जाते हैं जिसको रोकने की जिम्मेदारी केंद्र की भाजपा सरकार की है। उन्होंने भाजपा से पंजाब से ‘‘सीख’’ लेने और अपने अन्य राज्यों में भी नशे को खत्म करने का आग्रह किया।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.