राष्ट्रीय वरिष्ठ एथलेटिक्स महासंघ प्रतियोगिता के दौरान अनिमेष कुजूर ने 10.15 सेकंड में दौड़ पूरी की। इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रमंडल खेल 2026 के लिए तय क्वालीफिकेशन मानक 10.16 सेकंड को भी पार कर लिया। बता दें कि यह मानक भारतीय एथलेटिक्स महासंघ द्वारा निर्धारित किया गया था।
दिलचस्प बात यह रही कि अनिमेष से कुछ ही मिनट पहले पंजाब के गुरिंदरवीर सिंह ने 10.17 सेकंड का समय निकालते हुए राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। उन्होंने अनिमेष का 10 महीने पुराना 10.18 सेकंड का रिकॉर्ड तोड़ा था। हालांकि उनका यह रिकॉर्ड ज्यादा देर तक कायम नहीं रह सका और अगले ही हीट में अनिमेष ने शानदार दौड़ लगाकर फिर से राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
गौरतलब है कि भारतीय एथलेटिक्स में अब अनिमेष कुजूर और गुरिंदरवीर सिंह की प्रतिद्वंद्विता काफी चर्चा में आ गई है। दोनों धावक लगातार एक-दूसरे को चुनौती देते हुए नए स्तर तक पहुंच रहे हैं। ऐसे में अब शनिवार 23 मई को होने वाले पुरुष 100 मीटर फाइनल मुकाबले को लेकर खेल प्रेमियों में काफी उत्साह दिखाई दे रहा है।
मौजूद जानकारी के अनुसार दोनों खिलाड़ी शनिवार शाम 7 बजकर 10 मिनट पर होने वाले फाइनल में फिर आमने-सामने होंगे। माना जा रहा है कि इस मुकाबले में एक बार फिर नया रिकॉर्ड देखने को मिल सकता है।
प्रतियोगिता में महिलाओं की लंबी कूद स्पर्धा में भी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। अंसी सोजन ने 6.75 मीटर की छलांग लगाकर अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। हालांकि वह राष्ट्रमंडल खेल क्वालीफिकेशन मानक 6.84 मीटर से थोड़ा पीछे रह गईं। बता दें कि अंसी अब राष्ट्रीय रिकॉर्ड 6.83 मीटर के भी करीब पहुंच चुकी है।
वहीं पुरुष 10 हजार मीटर दौड़ में उत्तराखंड के दीपक भट्ट ने 29 मिनट 42.93 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। दूसरी तरफ कर्नाटक के शिवाजी एम को भीषण गर्मी और कठिन परिस्थितियों के कारण दौड़ के बाद डिहाइड्रेशन की समस्या का सामना करना पड़ा। उन्हें टीम कोच की मदद से मैदान से बाहर ले जाया गया।
महिलाओं की 10 हजार मीटर स्पर्धा में महाराष्ट्र की रवीना गायकवाड़ ने 35 मिनट 30.98 सेकंड के समय के साथ जीत हासिल की। हालांकि उनका प्रदर्शन राष्ट्रमंडल खेल क्वालीफिकेशन मानक 31 मिनट 14.14 सेकंड से काफी पीछे रहा है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.