- Hindi News
- International
- Prince Andrew, Brother Of King Charles, Has Been Arrested In The UK On Suspicion Of Misconduct In Public Office. Police Detained Him From His Residence Amid Renewed Scrutiny Linked To The Jeffrey Epstein Case.
- कॉपी लिंक
ब्रिटिश प्रिंस रह चुके एंड्रयू। बैकग्राउंड में उन पर रेप का आरोप लगाने वाली वर्जीनिया गिफ्रे हैं।
ब्रिटेन में किंग चार्ल्स के भाई एंड्रयू को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें सार्वजनिक पद पर रहते हुए गलत बर्ताव के शक में पकड़ा गया है। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक उन्हें गुरुवार सुबह करीब 8 बजे उनके घर से हिरासत में लिया गया। बता दें कि एंड्रयू का आज ही जन्मदिन है।
दरअसल, एपस्टीन मामले में पीड़िता रही वर्जीनिया गिफ्रे ने आरोप लगाया था कि 2001 में जब वह 17 साल की थी तब प्रिंस एंड्रयू ने उनका यौन शोषण किया था।
हालांकि, एंड्रयू ने ग्रिफे के सभी आरोपों को खारिज किया था। गिफ्रे की अप्रैल 2025 में मौत हो गई थी। इसकी वजह आत्महत्या बताई गई थी।

एंड्रयू को पकड़ने के लिए गुरुवार सुबह सादे कपड़े में पुलिस पहुंची थी। वह आधुनिक इतिहास में गिरफ्तार होने वाले पहले शाही सदस्य बन गए हैं।
प्रिंस एंड्रयू से शाही खिताब छीन लिए गए थे
ब्रिटेन के किंग चार्ल्स ने पिछले साल अक्टूबर में अपने छोटे भाई एंड्रयू से ‘प्रिंस’ का खिताब और सभी शाही उपाधियां वापस ले ली थीं। उन्हें विंडसर स्थित उनके आलीशान घर ‘रॉयल लॉज’ को भी खाली करने का आदेश दिया गया।
65 साल के एंड्रयू दिवंगत क्वीन एलिजाबेथ के दूसरे बेटे हैं। एंड्रयू का नाम लंबे समय से अमेरिकी यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़ा रहा है।
एंड्रयू को ‘ड्यूक ऑफ यॉर्क’ का खिताब इस्तेमाल करने से भी रोक दिया गया था। शाही उपाधियां छिन जाने के बाद अब प्रिंस एंड्रयू को ‘एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर’ के नाम से जाना जाता है।
एंड्रयू से जुड़ी 5 विवादित तस्वीरें…

फोटो में प्रिंस एंड्रयू हैं, जिनका हाथ 17 वर्षीय वर्जिनिया गिफ्रे की कमर पर है। फोटो 10 मार्च 2001 को लंदन में एपस्टीन की गर्लफ्रेंड गिसलीन मैक्सवेल के घर पर ली गई थी।

जेफ्री एपस्टीन की ये तस्वीर जस्टिस डिपार्टमेंट ने दिंसबर में जारी की थी। इसमें वे 5 महिलाओं की गोद में लेटे हुए हैं।

अमेरिका में जस्टिस डिपार्टमेंट ने 30 जनवरी को यह तस्वीर जारी की थी। इसमें एंड्रयू एक महिला के ऊपर घुटनों के बल झुके हुए दिख रहे हैं।

एंड्रयू जमीन पर लेटी लड़की को छू रहे हैं, जबकि पीछे बैठा इंसान टेबल पर अपने पैर रखकर कुर्सी पर बैठा है।

तस्वीर में एंड्रयू लड़की का पेट छूते हुए नजर आ रहे हैं।
आरोप लगाने वाली वर्जिनिया की मौत
प्रिंस एंड्रयू पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली वर्जिनिया गिफ्रे की अप्रैल 2025 में मौत हो गई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक उसने आत्महत्या की थी। वर्जिनिया (41 साल) ने साल 2011 में अमेरिका के हाई प्रोफाइल वेश्यावृत्ति नेटवर्क का खुलासा कर पूरी दुनिया को हैरान कर दिया था।
वर्जिनिया ने अपने साथ हुए यौन शोषण और तस्करी का खुलासा किया था। उसने कहा था कि जब वह सिर्फ 15 साल की थी, तभी एपस्टीन के नेटवर्क में फंस गई थीं।
उसे कई प्रभावशाली और हाई-प्रोफाइल व्यक्तियों के साथ यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर किया गया। इसी इंटरव्यू में वर्जिनिया ने ब्रिटेन के प्रिंस एंड्रयू के साथ अपनी मुलाकातों का भी जिक्र किया था।
वर्जिनिया कई साल से ऑस्ट्रेलिया में रह रही थीं और यौन उत्पीड़न का सामना करने वाली महिलाओं की वकील बन गई थीं। पिछले साल 21 अक्टूबर को वर्जिनिया गिफ्रे का संस्मरण ‘नो बॉडीज गर्ल’ पब्लिश हुई थी जिसमें उसने अपने साथ हुई यौन उत्पीड़न की घटनाओं का जिक्र किया है। इस किताब को वर्जिनिया ने अपनी मौत से पहले ही पूरा कर लिया था।

मौत से कुछ दिन पहले वर्जिनिया एक हादसे का शिकार हो गई थीं। उसने इंस्टाग्राम पोस्ट पर एक पोस्ट शेयर की थी और कहा था कि वह ज्यादा दिन जिंदा नहीं रह पाएगी।
वर्जिनिया की किताब में एंड्रयू से जुड़े 6 बड़े दावे
- वर्जिनिया पहली बार 2001 में जब एंड्रयू से मिली थी तब उसकी उम्र महज 17 साल थी। दूसरी बार मिलने के दौरान भी वह नाबालिग थी।
- पहली बार जब वह एंड्रयू से मिलने जा रही थी तब एपस्टीन की प्रेमिका घिसलेन ने उन्हें बताया था कि ‘सिंड्रेला तुम एक सुंदर राजकुमार से मिलने जा रही हो’।
- एंड्रयू ने वर्जिनिया को देखते ही उसकी उम्र का अंदाजा लगा लिया था। उन्होंने कहा कि तुम 17 साल की हो, मेरी बेटियां तुमसे बस थोड़ी ही छोटी हैं।
- एंड्रयू ने वर्जिनिया के साथ 3 बार यौन संबंध बनाए। पहली बार लंदन में घिसलेन मैक्सवेल के घर पर, दूसरी बार न्यूयॉर्क में एपस्टीन के बंगले और तीसरी बार एपस्टीन के कैरिबियन द्वीप पर।
- वर्जिनिया ने लिखा है जब तीसरी बार उसने एंड्रयू के साथ संबंध बनाया तब वहां 8 और नाबालिग लड़कियां थीं।
- प्रिंस एंड्रयू को ऐसा लगता था कि वर्जिनिया के साथ यौन संबंध बनाना उनका जन्मसिद्ध अधिकार है।

2021 में प्रिंस एंड्रयू के खिलाफ केस दायर
एंड्रयू ब्रिटिश नौसेना में अधिकारी रह चुके हैं। उन्होंने अस्सी के दशक में अर्जेंटीना के साथ हुई जंग में अपनी सेवाएं दी थीं। लेकिन वर्जिनिया के साथ नाम आने के बाद उनकी बहुत बदनामी हुई।
2019 में उन्होंने सभी शाही कर्तव्यों को छोड़ दिया था। इसके बाद वर्जिनिया ने साल 2021 में ब्रिटेन के प्रिंस एंड्रयू के खिलाफ मुकदमा भी दायर किया था। गिफ्रे ने आरोप लगाया था कि जब वो 17 साल की थीं, तब जेफ्री एपस्टीन उन्हें एंड्रयू के पास ले गए थे और प्रिंस ने उनका यौन शोषण किया था।
बाद में एंड्रयू और वर्जिनिया ने मिलकर करीब 12 मिलियन पाउंड (लगभग 125 करोड़ रुपए) में विवाद सुलझा लिया था। हालांकि एंड्रयू ने कोई गलती मानने से इनकार किया था।

वर्जीनिया गिफ्रे अपने युवा के दिनों की तस्वीर के साथ। अप्रैल 2025 में गिफ्रे की मौत हो गई थी।
राजा की रेस में 8वें नंबर पर एंड्रयू
ब्रिटेन के शाही परिवार में उत्तराधिकार का क्रम यानी ‘लाइन फॉर थ्रोन’ तय करता है कि राजा या रानी के बाद अगला शासक कौन बनेगा।
भले ही हाल ही में किंग चार्ल्स ने अपने छोटे भाई प्रिंस एंड्रयू से उनकी की उपाधि और बाकी सारे शाही सम्मान छीन लिए हों, लेकिन एंड्रयू अब भी सिंहासन की दौड़ में आठवें स्थान पर हैं।


—————————————- प्रिंस एंड्रयू से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें…
1. ब्रिटिश किंग के छोटे भाई ने शाही उपाधियां छोड़ी:एप्सटीन सेक्स स्कैंडल में नाम आया था, चीनी जासूस से रिश्तों पर भी विवाद

ब्रिटिश किंग चार्ल्स III के छोटे भाई प्रिंस एंड्रयू ने अपनी सभी रॉयल उपाधियां छोड़ने का ऐलान किया है। एंड्रयू ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर कहा कि वे अब ‘ड्यूक ऑफ यॉर्क’ जैसे टाइटल का इस्तेमाल नहीं करेंगे।
प्रिंस एंड्रयू का नाम यौन अपराधी जेफ्री एप्सटीन के केस में सामने आ चुका है। इसके अलावा पैसों की गड़बड़ी और एक कथित चीनी जासूस से रिश्तों को लेकर भी सवाल उठे थे। पूरी खबर यहां पढ़ें…
2. ब्रिटिश प्रिंस पर आरोप लगाने वाली वर्जिनिया की मौत:14 साल पहले कहा था- प्रिंस एंड्रयू ने यौन शोषण किया; आरोप के बाद शाही परिवार से बेदखल

ब्रिटेन के प्रिंस एंड्रयू पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली वर्जिनिया गिफ्रे की मौत हो गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक उसने आत्महत्या की। हालांकि, अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है। वर्जिनिया (41 साल) ने साल 2011 में अमेरिका के हाई प्रोफाइल वेश्यावृत्ति नेटवर्क का खुलासा कर पूरी दुनिया को हैरान कर दिया था। पूरी खबर यहां पढ़ें…
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
