अजिंक्य रहाणे ने कहा है कि रोहित शर्मा जैसे अनुभवी खिलाड़ी की आगामी वनडे विश्व कप में भारत को जरूरत पड़ेगी। उनका मानना है कि टीम मैनेजमेंट और कप्तान के बीच इस मामले पर बहस नहीं होना चाहिए।
रोहित को बताना जरूरी
भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर ने कहा कि रोहित टीम के लिए शानदार रहे हैं और हर सीरीज के बाद अपने प्रदर्शन की समीक्षा किए जाने के हकदार नहीं हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने रोहित को सूचित कर दिया था कि वे विश्व कप के लिए उनकी योजनाओं में शामिल नहीं हैं। लेकिन रोहित ने लॉर्ड्स में अंतिम वनडे में 138 रन की पारी खेलकर खूब सुर्खियां बटोरी। जिससे उनके संन्यास को लेकर चल रही चर्चा कमजोर पड़ गई। वहीं बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने भी रोहित शर्मा का समर्थन किया था।
अजिंक्य रहाणे ने द इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में कहा, ”मुझे लगता है कि रोहित को ये बताना जरूरी है कि वह वनडे विश्व कप 2027 खेलने जा रहे हैं। अगर आप उनके पिछले सालों के योगदान को देखेंगे तो ये शानदार रहा है। इसलिए आपको विश्वकप में उनके जैसे अनुभवी खिलाड़ी की जरूरत होगी। इस पर तो चर्चा ही नहीं होनी चाहिए। अगर आप एक बार कह देते हैं कि ‘रोहित शर्मा’ आप खेलने जा रहे हैं, तो बस बात खत्म। आप हर सीरीज के बाद समीक्षा नहीं कर सकते क्योंकि वह इतने बड़े खिलाड़ी हैं।”
इस पर बहस नहीं होनी चाहिए
उन्होंने आगे कहा, ”अगर आप किसी बड़े खिलाड़ी के साथ ऐसा व्यवहार करते हैं, क्योंकि जैसा कि मैंने कहा, यह सब लय का खेल है। क्रिकेट रिदम के बारे में है। चाहे आपने कितने भी मैच खेले हों, आप टीम में युवा खिलाड़ी हों या अनुभवी, सब कुछ लय पर निर्भर करता है। अगर आपका दिमाग तनावमुक्त है, तो आप उसी मानसिकता के साथ खेल सकते हैं। रोहित की क्वालिटी के बारे में तो बोलने की भी जरूरत नहीं। टीम में ऐसे अनुभव की जरूरत होती है, इसलिए टीम मैनेजमेंट और कप्तान के साथ ये बहस ही नहीं होनी चाहिए। अगर उनको खेलना है 2027 वनडे विश्व कप, तो उनको खेलना है।”
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.