एबी डिविलियर्स आगामी श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए ऋषभ पंत का नाम टीम में देखकर थोड़ा हैरान हुए हैं। उनका मानना है कि आईपीएल के दौरान पंत में आत्मविश्वास की कमी दिखी। सारांश को 33 साल की उम्र में पहली बार मौका मिला है।
ऋषभ पंत के चयन पर बोले डिविलियर्स
ऑफ स्पिन ऑलराउंडर सारांश जैन को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। उन्हें श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए मौका दिया गया है। साथ ही रवींद्र जडेजा और जसप्रीत बुमराह भारतीय टेस्ट टीम में वापस लौटे हैं। एबी डिविलियर्स ने कहा है कि घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन के बाद सारांश को 33 साल की उम्र में मौका मिलना शानदार है। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ”ऋषभ पंत को शामिल किया गया है। मेरे हिसाब से ये थोड़ा हैरान करने वाला था। हमें यह देखना होगा कि उनकी फिटनेस कैसी है और प्रदर्शन करने की उनकी भूख कैसी है, क्योंकि आईपीएल के दौरान वह थोड़े कम आत्मविश्वासी दिख रहे थे और उनकी एनर्जी भी कम थी। लेकिन वह एक बार फिर से भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे और मुझे विश्वास है कि वह अच्छा करेंगे। मैं बड़ा फैन हूं, मैं बस उन्हें पूरे जुनून के साथ खेलते देखना चाहता हूं।”
सारांश को मौका मिलने पर खुश
उन्होंने आगे कहा, ”सबसे बड़े सरप्राइज सारांश जैन हैं। वह 33 साल के हैं और काफी समय से प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेल रहे। उन्हें मौका मिलते देखना शानदार है। वह ऑफ स्पिनर हैं और बाएं हाथ से बैटिंग करते हैं जैसा कि वॉशिंगटन सुंदर करते हैं। वह काफी समय से खेल रहे हैं और उनके आंकड़े अच्छे हैं। उनका औसत 27 के आस पास और स्ट्राइक रेट 54 है। वह बीच के ओवरों में गेंद पुरानी हो जाने के बाद शुभमन गिल को बेहतर विकल्प देंगे। उनका बल्लेबाजी रिकॉर्ड भी अच्छा है, जिसमें कई अर्धशतक और कुछ शतक शामिल हैं। मैं उन्हें बल्लेबाजी ऑलराउंडर से ज्यादा गेंदबाजी ऑलराउंडर कहूंगा।”
इस सीरीज का पहला टेस्ट 15 अगस्त से गॉल में खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो के एसएससी मैदान पर खेला जाएगा। सीरीज से पहले भारतीय टीम सात अगस्त से कोलंबो में चार दिन का अभ्यास मैच भी खेलेगी।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.