वजाइनल इंफेक्शन काफी आम बात है और अक्सर ये समस्या महिलाओं में होती है। लेकिन वजाइना में खुजली, जलन की समस्या क्यों होती है और इससे राहत कैसे मिलेगी डॉक्टर से जानिए।
क्या है वुल्वोवजाइनल इंफेक्शन (Vulvovaginal infection)
वुल्वोवजाइनल इंफेक्शन में वजाइना के बाहरी हिस्से में इंफेक्शन होता है और इस दौरान खुजली, जलन की समस्या बनी रहती है। इसके कुछ आम लक्षण हैं-
-योनि में खुजली और जलन
-असामान्य या ज्यादा योनि स्राव (डिस्चार्ज)
-डिस्चार्ज का रंग, गाढ़ापन या गंध बदलना
-पेशाब करते समय जलन या दर्द
-सेक्स के दौरान दर्द या असहजता
क्यों होता है
डॉक्टर का कहना है कि यह यीस्ट या फंगल इंफेक्शन, बैक्टीरिया के असंतुलन, ट्राइकोमोनास जैसे संक्रमण या कभी-कभी साबुन, इंटिमेट वॉश और परफ्यूम वाले प्रोडक्ट्स से होने वाली जलन के कारण हो सकता है। ज्यादा नमी और पसीना, लंबे समय तक गीले या बहुत टाइट कपड़े पहनना और हार्मोनल बदलाव भी इस समस्या को बढ़ा सकते हैं।
3 खास कारण भी जानिए
- यीस्ट/फंगल इंफेक्शन- वजाइना में कैनडीडा नामक फंगस की मात्रा बढ़ने पर यीस्ट इंफेक्शन हो सकता है। इसमें तेज खुजली, जलन, लालिमा और सफेद, गाढ़ा डिस्चार्ज जैसे लक्षण दिख सकते हैं।
- बैक्टीरियल इंफेक्शन: वजाइना में मौजूद अच्छे और हानिकारक बैक्टीरिया का संतुलन बिगड़ने पर बैक्टीरियल इंफेक्शन या बैक्टीरियल वैजिनोसिस हो सकता है। इसमें पतला डिस्चार्ज, बदबू और कभी-कभी जलन या खुजली की समस्या हो सकती है।
- ट्राइकोमोनास से इंफेक्शन: ट्राइकोमोनास एक परजीवी से होने वाला सेक्सुअल ट्रांसमिटेड इंफेक्शन (STI) है, जो अनसेफ सेक्स से फैल सकता है। इसमें खुजली, जलन, पेशाब में तकलीफ और पीले-हरे या बदबूदार डिस्चार्ज जैसे लक्षण हो सकते हैं।
कैसे करें बचाव
डॉक्टर नुपुर कहती हैं कि वुल्वोवजाइनल इंफेक्शन का इलाज इसके कारण पर निर्भर करता है। यीस्ट इंफेक्शन में डॉक्टर एंटीफंगल दवा दे सकते हैं, जबकि बैक्टीरियल इंफेक्शन में एंटीबायोटिक की जरूरत पड़ सकती है। ट्राइकोमोनास जैसे संक्रमण में डॉक्टर की सलाह से विशेष एंटीपैरासिटिक दवा दी जाती है और कई मामलों में पार्टनर का इलाज भी जरूरी होता है।
साथ ही, सेंट वाले साबुन या इंटिमेट वॉश से बचें, प्रभावित हिस्से को साफ और सूखा रखें और बिना डॉक्टर की सलाह के कोई दवा न लेना बेहतर है। लगातार खुजली-जलन, असामान्य डिस्चार्ज, बदबू या दर्द हो तो डॉक्टर से फौरन मिलें। वजाइना की सफाई के लिए आप सादे पानी का इस्तेमाल करें और प्राइवेट पार्ट को क्लीन रखें।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.