Why Do Women Live Longer Than Men: दुनिया के लगभग हर देश में एक बात समान दिखाई देती है कि महिलाएं औसतन पुरुषों की तुलना में ज्यादा लंबी उम्र जीती हैं. आंकड़े बताते हैं कि 65 साल से अधिक उम्र की आबादी में महिलाओं की संख्या पुरुषों से ज्यादा होती है और उम्र बढ़ने के साथ यह अंतर और बड़ा हो जाता है.
हार्वर्ड हेल्थ की रिपोर्ट के अनुसार, वर्ल्ड लेवल पर भी महिलाओं की औसत उम्र पुरुषों से करीब 7 साल अधिक मानी जाती है. आखिर ऐसा क्यों होता है? इसके पीछे सिर्फ एक नहीं, बल्कि कई जैविक और लाइफस्टाइल से जुड़े कारण जिम्मेदार हैं.
क्या कारण है इसके पीछे?
हार्वर्ड हेल्थ के एक्सपर्ट के अनुसार पुरुषों और महिलाओं के बीच यह अंतर बचपन से ही शुरू हो जाता है. रिसर्च बताती है कि लड़कों में निर्णय लेने और किसी काम के परिणामों को समझने वाला ब्रेन का हिस्सा लड़कियों की तुलना में थोड़ा देर से विकसित होता है.
यही वजह है कि कम उम्र में लड़के ज्यादा जोखिम लेने वाले व्यवहार की ओर आकर्षित होते हैं, जिससे दुर्घटनाओं और हिंसक घटनाओं में उनकी मृत्यु का खतरा बढ़ जाता है.
नौकरी भी एक बड़ा कारण
पुरुषों की कम उम्र की एक बड़ी वजह उनका पेशा भी माना जाता है. सेना, अग्निशमन सेवा, निर्माण कार्य और अन्य जोखिम भरे क्षेत्रों में पुरुषों की संख्या महिलाओं की तुलना में कहीं अधिक होती है. ऐसे कामों में दुर्घटना और स्वास्थ्य संबंधी खतरे ज्यादा होते हैं, जिसका असर जीवन प्रत्याशा पर भी पड़ता है.
हार्ट की बीमारी का भी असर
दिल की बीमारियां भी इस अंतर को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती हैं. रिपोर्ट के मुताबिक पुरुषों में हृदय रोग से मौत का खतरा महिलाओं की तुलना में लगभग 50 फीसदी अधिक होता है. इसके पीछे हार्मोनल अंतर के साथ-साथ हाई ब्लड प्रेशर, खराब कोलेस्ट्रॉल और स्वास्थ्य की अनदेखी जैसे कारण भी जिम्मेदार हो सकते हैं.
मेंटल हेल्थ के मामले में भी पुरुष पीछे
मेंटल स्वास्थ्य के मामले में भी पुरुष अक्सर पीछे रह जाते हैं. आंकड़े बताते हैं कि पुरुष महिलाओं की तुलना में आत्महत्या ज्यादा करते हैं. एक्सपर्ट मानते हैं कि कई पुरुष डिप्रेशन या मेंटल तनाव के बावजूद मदद लेने से बचते हैं. समाज में मौजूद कुछ धारणाएं भी उन्हें अपनी समस्याएं खुलकर बताने से रोकती हैं, जिसका गंभीर असर उनके स्वास्थ्य पर पड़ सकता है.
ये भी हैं कारण
रिसर्च यह भी बताती है कि महिलाओं के सामाजिक संबंध आमतौर पर पुरुषों की तुलना में ज्यादा मजबूत होते हैं. परिवार, दोस्त और सामाजिक दायरे से जुड़े रहना मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य दोनों के लिए फायदेमंद माना जाता है. इसके उलट, सामाजिक रूप से अलग-थलग रहने वाले लोगों में मृत्यु दर अधिक देखी गई है और यह स्थिति पुरुषों में ज्यादा देखने को मिलती है.
इसे भी पढ़ें-Matka Water Cooling Tips: मटके का पानी ठंडा नहीं हो रहा, इस जुगाड़ से फ्रिज भी हो जाएगा फेल
Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.